सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ संचालक महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू मुकुंदपुर ने नववर्ष के उपलक्ष्य में 31 दिसंबर 2022 और 1 जनवरी 2023 के दौरान भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि जू के भ्रमण के दौरान एक जिम्मेदार नागरिक का परिचय देते हुये जू प्रबंधन का सहयोग करें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
संचालक ने पर्यटकों के लिये जारी दिशा-निर्देशों में बताया कि व्हाइट टाइगर सफारी एण्ड जू मुकुन्दपुर मे भ्रमण के दौरान पर्यटक प्रवेश टिकिट के पीछे दिये गये निर्देशो को ध्यान से पढ़कर उनका पालन करना सुनिश्चित करें। जू मे प्रवेश करते समय प्रबंधन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करे, जिसके कारण किसी परेशानी या जू प्रबंधन को अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। उन्होने बताया कि जू मे अन्दर प्रवेश के साथ मादक पदार्थ, तम्बाकू, गुटका, सिगरेट, ज्वलनशील सामग्री एवं हथियार लेकर जाना प्रतिबंधित किया गया है।
पर्यटकों से किसी भी वन्यप्राणी के साथ छेड़-छाड़ या उनको खाद्य सामग्री नहीं देने, शोर-शराबा नहीं करने, साथ चल रहे बच्चे एवं बुजुर्गो का विशेष ध्यान रखने, जू के अन्दर प्रबंधन द्वारा निर्धारित मार्गो का ही उपयोग करने, प्रतिबन्धित क्षेत्र मे प्रवेश नहीं करने एवं अनुशासन बनाये रखने की अपील की गई है। सभी पर्यटक हर वक्त निगरानी मे रहेगें। निर्देशों का उल्लंघन करने पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 38 के तहत वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।
1 जनवरी को बंद रहेंगी यह गतिविधियां
संचालक व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू मुकुंदपुर ने बताया कि नववर्ष 1 जनवरी के अवसर पर पर्यटकों के अत्यधिक संख्या में आने की संभावना है। जू में पर्याप्त सुरक्षा किट उपलब्ध नहीं होने की दशा में इको पर्यटन मनोरंजन क्षेत्र, नयनपुर मुकुंदपुर में संचालित गतिविधियां बंद रहेंगी।
पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन की कार्यवाही 7 दिवस में पूर्ण करने के निर्देश
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण ने बताया कि जिले की समस्य शासकीय और अशासकीय संस्थाओं को एमपीटास पोर्टल और एनआईसी पोर्टल 2.0 के माध्यम से पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदन की कार्यवाही 7 दिवस के अंदर पूर्ण किये जाने के निर्देश जारी किये गये हैं।
सहायक संचालक ने बताया कि समस्त शासकीय संस्थाएँ को एमपीटास पोर्टल पर वर्ष 2021-22 के छात्रवृत्ति आवेदन आगामी 7 दिवस में वेरीफाई, एप्रूवल एवं सेंक्शन की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिये गये हैं। इसी प्रकार समस्त अशासकीय संस्थाओं को पोर्टल पर छात्रवृत्ति आवेदन आगामी 7 दिवस में उपस्थिति दर्ज कर वेरीफाई कर सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। जारी निर्देशानुसार कार्यवाही पूर्ण नहीं होने पर संपूर्ण जबावदेही सम्बंधित संस्था प्रमुख की होगी। इसके साथ ही छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 पर वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 के लंबित समस्त छात्रवृत्ति आवेदनों का निराकरण भी 7 दिवस में पूर्ण कर जिला कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिये गये हैं। संस्था स्तर से आवेदन की कार्यवाही लंबित रहने पर संस्था प्रमुख जिम्मेदार होंगे।
किसान 31 दिसंबर तक करा सकेंगे अधिसूचित फसलों का बीमा
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास ने बताया कि प्राकृतिक आपदा में क्षतिपूर्ति के लिये कृषक हित में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की गई है। योजनांतर्गत किसान रबी वर्ष 2022-23 के लिये अधिसूचित फसल (गेहूं, चना, सरसों, मसूर) का बीमा 31 दिसंबर तक करा सकते हैं। उन्होने बताया कि मसूर जिला स्तर पर तथा सरसों, चना एवं गेहूं पटवारी हल्का स्तर के लिये अधिसूचित है। इस संबंध की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिये नजदीकी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, राष्ट्रीयकृत बैंक, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शाखाओं में संपर्क कर सकते हैं।
उप संचालक ने बताया कि सतना जिले में फसल बीमा हेतु पटवारी हल्के अधिसूचित है। जिस हल्के में जो फसल अधिसूचित है, उसी का फसल बीमा किया जा सकेगा। इसके लिये क्षेत्र की सहकारी समिति निकटतम बैंक या सीएससी पर जाकर फसल बीमा कराया जा सकता है।
Bhaskar Hindi News