


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई जन सुनवाई में कलेक्टर अनुराग वर्मा ने जिले के विभिन्न अंचलो से अपनी समस्याओं का आवेदन लेकर आये आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के संबंध मे अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अपर कलेक्टर संस्कृति जैन, संयुक्त कलेक्टर सुरेश जादव ने भी आवेदकों के प्रकरणों पर सुनवाई की। इस मौके पर विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में कुल 90 आवेदन प्राप्त हुये।
जनसुनवाई में जमीन का सीमांकन कराने, अनुकंपा नियुक्ति, गरीबी रेखा में नाम जोड़ने, गरीबी रेखा से नाम काटने, खाद्यान पात्रता पर्ची, दाखिल-खारिज कराने, धान उपार्जन का भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध कब्जा हटाने, राशन कार्ड बनाने, विद्युत समस्या, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, जमीन का कब्जा दिलाने, चिकित्सा सहायता, रोजगार दिलाने, बीमारी से मृत सुअरो का मुआवजा दिलाने संबंधी आवेदन लेकर आवेदक जनसुनवाई में पहुंचे। कलेक्टर श्री वर्मा ने आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर समस्याओं के त्वरित निस्तारण करने के संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
दीनदयाल रसोई योजना अंतर्गत खाद्यान्न आवंटित
दीनदयाल अन्त्योदय रसोई योजना अंतर्गत माह दिसंबर 2022 के लिये जिले में संचालित दीनदयाल रसोई की 5 कार्यरत संस्थाओं को खाद्यान्न (98 क्वि. गेहूं, 45 क्वि. चावल) का आवंटन जारी किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि योजनांतर्गत गेहूँ एवं चावल का प्रदाय रूपये 1 रूपए प्रति किग्रा. की दर से किया जायेगा। प्रदाय किये जाने वाले गेहूँ एवं चावल की गुणवत्ता की जांच उपरांत एफ.ए.क्यू. गुणवत्ता का ही खाद्यान्न प्रदाय किया जायेगा।
सभी मतदाताओं को वोटर स्लिप उपलब्ध करवायें
सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री राकेश सिंह ने सभी कलेक्टर्स एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिन पंचायतों के आम/उप निर्वाचन हो रहे हैं, वहाँ के मतदाताओं को वोटर स्लिप उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उल्लेखनीय है कि पंच पद के लिये मतदान मतपत्र एवं मतपेटी द्वारा तथा सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के लिये मतदान ईव्हीएम से होगा। पंच के 61 हजार 936 पद के लिये उप निर्वाचन और 1364 पद के लिये आम निर्वाचन होगा। सरपंच के 122 पद के लिये उप निर्वाचन एवं 78 पद के लिये आम निर्वाचन होगा। जनपद पंचायत सदस्य के 9 पद के लिये उप निर्वाचन होगा। मतदान 5 जनवरी 2023 को सुबह 7 से अपरान्ह 3 बजे तक होगा।
Bhaskar Hindi News