कलेक्टर मैहर ने की स्वास्थ्य और महिला-बाल विकास की विभागीय समीक्षा
सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर मैहर रानी बाटड की अध्यक्षता में मंगलवार को मैहर के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के विभागीय कार्यों और लक्ष्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती बाटड ने मैहर जिले में नवजात और गर्भवती महिलाओं की मृत्युदर की समीक्षा करते हुये अधिकारियों से मृत्यु के कारण पूंछे। जिस पर अधिकारियों द्वारा संतुष्टिजनक जवाब और विवरण नहीं नहीं दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुये संतुश्टिपूर्ण विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्रीमती बाटड ने नए सत्र में अप्रैल माह से नया रिकॉर्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और नवजात शिशु के टीकाकरण शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य से कम पाए जाने पर अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिये कार्ययोजना बनाने को कहा। कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के रजिस्ट्रेशन, नवजात की मृत्यु दर और गर्भवती महिलाओं की मृत्यु, कुपोषित नवजात का विवरण ब्लाक स्तर पर तैयार कर तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर रानी बाटड ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। दोनो विभाग द्वारा प्रस्तुत की जानकारी और डाटाबेस में एकरुपता होनी चाहिये। कलेक्टर ने कहा कि जिलेभर के आरोग्य केंद्र के संचालन के संबंध में देखने को मिला है कि ये केंद्र अक्सर बंद रहते है। संबंधित अधिकारी कंट्रोल रूम बना कर आरोग्य केंद्रों निरंतर मॉनीटरिंग करना सुनिश्चित करें। आरोग्य केंद्र सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित किये जायें। पदस्थ कर्मचारियों की लाइव लोकेशन भी ट्रैक की जाये। कलेक्टर श्रीमती बाटड जिले में नवजात बच्चो का टीकाकरण की समीक्षा करते हुये कहा कि टीकाकरण का प्रतिशत कम है। उन्होने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिये आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आंगनवाड़ी केंद्रों में खाद्य सामग्री वितरण की समीक्षा में पाया गया कि केंद्रों में कार्ययोजना के अनुरुप खाद्यान्न का वितरण नहीं हो रहा है। उन्होने सुपरवाइजर और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को सख्त निर्देश देते हुये कहा कि वितरण कार्य में लापरवाही की शिकायत नहीं मिलनी चाहिये। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताई गई स्वास्थ्य विभाग की चिन्हित कमियों को पूरा करने के निर्देश सभी बीएमओ को दिये गये। बैठक में प्रभारी महिला बाल विकास अधिकारी राजेंद्र बांगरे, डीएचओ डॉ विजय आरख, जिला एवं ब्लाक सीडीपीओ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Bhaskar Hindi News