Thursday , May 16 2024
Breaking News

Election: 2022 के चुनाव परिणाम ने तय कर दिए 2024 के नतीजे, यह परिवारवादी राजनीति के अंत का संकेत-PM MODI

Assembly elections 2022, prime minister narendra modi likely to join celebrations at bjp: digi desk/BHN/नई दिल्ली/ यूं तो पांच राज्यों के चुनाव को पहले से ही अगले आम चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा था, गुरुवार को नतीजों के एलान के बाद खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार राज्यों और खासकर उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश को 2024 से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इसने लोकसभा चुनाव के नतीजे तय कर दिए हैं। भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने चुनाव नतीजों को परिवारवाद की राजनीति के सूर्यास्त का आगाज बताया और पार्टी की जीत का श्रेय खासकर महिलाओं और युवाओं को दिया। वहीं कोविड महामारी और फिर यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के संकट के दौरान भी संकीर्ण राजनीति के लिए विपक्षी नेताओं व दलों को आड़े हाथों लिया।

2024 के लोकसभा चुनाव की जीत तय

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ राजनीतिक पंडितों ने 2019 में भाजपा की लोकसभा में जीत को कम आंकने के लिए इसका श्रेय 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत को दे दिया था। उन्होंने कहा कि अब जबकि 2022 में फिर से उत्तर प्रदेश में भाजपा की वापसी हो रही है, वे 2024 के लोकसभा चुनाव की जीत तय कहने की हिम्मत जुटा पाएंगे। चुनावी हार-जीत को जातीय समीकरण से देखने के लिए राजनीतिक विशेषज्ञों को आड़े हाथों लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2014, 2017, 2019 और 2022 में लगातार जातिवाद के ऊपर विकासवाद को तरजीह है। प्रधानमंत्री ने साफ किया कि वह किसी परिवार के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इसके लोकतंत्र के खिलाफ होने की वजह से चिंतित जरूर हैं। उन्होंने कहा, ‘एक दिन ऐसा आएगा जब देश के नागरिक परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त करके रहेंगे।’

जनता ने एकजुट होकर भाजपा पर जताया भरोसा

प्रधानमंत्री ने भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय पूरी तरह से महिलाओं और युवाओं को दिया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां महिलाओं का वोट प्रतिशत पुरुषों की तुलना में ज्यादा रहा है, वहां-वहां भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। उन्होंने महिलाओं को भाजपा की जीत का सारथी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, गोवा, उत्तर प्रदेश और मणिपुर की चुनौतियां और विकास के रास्ते भले ही अलग-अलग हों, लेकिन वहां की जनता ने इसके लिए एकजुट होकर भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने चारों राज्यों में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया।

विपक्ष की नकारात्मक राजनीति से सतर्क रहें लोग

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों को विपक्ष की नकारात्मक राजनीतिक से भी सतर्क किया। उन्होंने बताया कि किस तरह देश दो साल से कोविड संकट से जूझ रहा है और अब यूक्रेन संकट ने चुनौतियों को और भी बढ़ा दिया है। जहां सरकार लगातार इन वैश्विक चुनौतियों से निपटने की कोशिश कर रही है, वहीं विपक्ष इसमें मदद करने के बजाय झूठ फैलाकर लोगों को बरगलाने की कोशिश में जुटा है। इस क्रम में उन्होंने भारत में बनी कोविड वैक्सीन पर विपक्षी नेताओं द्वारा सवाल उठाए जाने के साथ-साथ यूक्रेन में फंसे छात्रों व उसके परिवार वालों के बीच दशहत फैलाने की कोशिशों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि जहां पूरा देश एकजुट होकर यूक्रेन से भारतीयों को निकालने की कोशिश कर रहा था, वहीं विपक्षी दलों ने इसमें भी प्रदेशवाद को शामिल कर दिया।

About rishi pandit

Check Also

जयशंकर ने अमेरिका को चाबहार डील पर बैन वाली धमकी देने पर खूब सुनाया

नईदिल्ली विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने लोकसभा चुनाव को 'नकारात्मक ढंग' से दिखाने के लिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *