Wednesday , May 15 2024
Breaking News

Satna: आजादी से अंत्योदय तक अभियान का शुभारंभ, देश के 75 जिलों में सतना सहित चार जिलों का चयन

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता संग्राम के विस्मृत सेनानियों से जुड़े देश के 75 जिलों में 90 दिवसीय अभियान ‘‘आजादी से अंत्योदय तक’’ का शुभारंभ गुरुवार को भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने किया। अभियान के तहत सेनानियों की जन्मस्थली की ग्राम पंचायत कोे शासन के 9 विभागों की 17 योजनाओं के लाभ से शत-प्रतिशत सैचुरेट किया जाएगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अभियान को लॉन्च करते हुए कहा कि अभियान के माध्यम से सेनानियों की कल्पनाओं के अनुरूप ग्राम और जिले का विकास किया जाएगा। आजादी से अंत्योदय तक अभियान में देश के चयनित 75 जिलों में मध्यप्रदेश के सतना सहित सागर, खंडवा और अलीराजपुर जिले का चयन किया गया है।

अभियान की लॉन्चिंग के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में कलेक्टर अनुराग वर्मा, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव, जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह, उप संचालक कृषि केसी अहिरवार, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ प्रमोद शर्मा भी उपस्थित थे।
आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रारंभ किए गए आजादी से अंत्योदय तक अभियान में स्वतंत्रता संग्राम के विस्मृत सेनानियों से जुड़े जन्मस्थली पर केंद्र और राज्य शासन के 9 शासकीय विभागों जिनमें दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, महिला एवं बाल विकास, वित्तीय सेवाएं मंत्रालय, कौशल विकास और उद्यमशीलता, कृषि एवं किसान कल्याण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पशुपालन एवं श्रम और रोजगार मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय की 17 योजनाओं से परिपूर्ण किया जाएगा।

अभियान के तहत संबंधित जिले के बेसलाईन डाटा और लक्ष्य डैशबोर्ड पर रखे जाएंगे और प्रत्येक 15 दिवस में ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रगति की समीक्षा की जाएगी। अभियान के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हमें आजादी देने और अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीदों के परिवारों और उनकी स्मृतियों से जुड़ना गौरव की बात है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुसार स्वतंत्रता संग्राम के विस्मृत सेनानियों से जुड़े देश के इन 75 जिलों में आज से 90 दिवसीय अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत 9 विभागों के 17 कार्यों से सेनानियों के गांव में उनकी कल्पना को मूर्त रूप दिए जाने का प्रयास किया जाएगा।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री सिंह ने बताया कि 9 विभागों की 17 योजनाओं को सेनानी की जन्म स्थली के ग्राम पंचायत में सैचुरेशन मोड में लागू करेंगे। विभागीय अधिकारी इन कार्यों की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा करेंगे और कार्यों का दस्तावेजीकरण भी होगा। उन्होंने बताया कि सभी जिलों की प्रगति जानने सेंट्रल डैशबोर्ड भी बनेगा। जिसमें 9 विभागों के 17 योजनाओं के आंकड़े, डाटाबेस और प्रगति की जानकारी अंकित रहेगी। उन्होंने कहा कि सेनानियों के गांव में अमृत सरोवर और अमृत उपवन भी बनाए जायेंगे।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री सिंह ने अधिकारियों से कहा कि अभियान को पूर्ण करने समय-सीमा नियत है। इसलिए 90 दिन की बजाय 75 दिन की कार्य-योजना और टास्क स्वयं के लिए निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि अभियान के कार्यों को रूटीन की तरह नहीं लें, बल्कि पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों को निभाएं। उन्होंने कहा कि हर 15 दिन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी वे स्वयं समीक्षा करेंगे और अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी करेंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री श्री सिंह ने विभिन्न प्रांतों के जिलों से स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों से बातचीत की। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीण विकास विभाग भारत सरकार के संयुक्त सचिव अमित कटारिया ने आभार व्यक्त किया।

About rishi pandit

Check Also

Satna: कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मतगणना की तैयारियों का लिया जायजा

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *