सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीली कोठी आश्रम के पास संकट मोचन आटोमोबाइल के सामने विगत एक माह पूर्व नगर निगम ठेकेदार द्वारा नाला खोद कर खुला छोड़ दिया गया है। जिसपर सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। उक्त नाले में आए दिन लोग गिर रहे हैं। मंगलवार को भी लगभग 12 बजे स्कूटी सवार दो लड़कियां स्कूटी सहित नाले में जा गिरीं। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल नाले से बाहर निकाल लिया नहीं तो घटना बड़ी हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार पीली कोठी में किराये का मकान लेकर रहने वाली रागिनी कुशवाहा एवं उसकी बहन रचना कुशवाहा सड़क से अपने कमरे के लिए स्कूटी से जा रही थीं तभी स्कूटी सहित नाले में गिर गई। जिनकी स्थानीय लोगों ने जान बचा ली। लोगों ने प्रशासन से नाला बंद कराने की मांग की है।
कई बार गिर चुके हैं मवेशी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस नाले में आए दिन मवेशी सहित कई लोग गिर चुके हैं। कई बार स्थानीय प्रशासन से खुले नाले-नालियों को ढांकने की मांग की गई लेकिन लोगों की मांग नहीं मानी गई। अगर पूर्व में ही नाले को ढंक दिया गया होता तो यह हादसा नहीं होता। जिस नाले में यह हादसा हुआ वहां पूरी स्कूटी नाले में समा गई! जिसमें पांच से छह फीट की ऊंचाई तक गंदा पानी भरा था। रस्सियों के सहारे स्कूटी को बाहर निकाला गया। अगर मौके पर स्थानीय लोग नहीं होते तो दोनों लड़कियों की जान तक जा सकती थी।