सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ शासन द्वारा किसानों की उनकी उपज बेंचने की व्यवस्था को सुगम बनाने के लिये ई-उपार्जन पोर्टल तैयार किया गया है। ई-उपार्जन पोर्टल पर जिले के किसानों को अपनी उपज की बिक्री करने के लिए अपनी पसंद की तारीख, उपार्जन केन्द्र और स्लॉट बुक करने की सुविधा प्राप्त है। इसके लिए ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से किसान अब स्वयं अपनी उपज बेंचने के लिए दिन, तिथि, उपार्जन केन्द्र और स्लॉट का चयन खुद कर, निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंच कर आसानी से अपनी उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय कर सकते हैं। ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत कृषक द्वारा स्वयं के मोबाईल, एम.पी. ऑनलाईन, सी.एस.सी, लोक सेवा केन्द्र, इंटरनेट कैफे, उपार्जन केन्द्र से स्लॉट बुकिंग की जा सकती है। स्लॉट बुकिंग के लिये कृषक के ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत मोबाइल पर ओ.टी.पी प्रेषित की जाती है, जिसे पोर्टल पर दर्ज कराना होता है।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि मौजूदा समय में जिले के निर्धारित उपार्जन केंद्रों में गेहूं, चना, मसूर, सरसों का उपार्जन कार्य जारी है। शासन द्वारा किसानों के हितार्थ तैयार किये गये ई-उपार्जन पोर्टल की सुविधा का लाभ जिले के किसानों द्वारा अपनी उपज विक्रय के लिये किया जा रहा है। जागरूक किसान भाई अपने द्वारा चयनित दिन और उपार्जन केन्द्र में पहुंच कर अपनी उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय कर रहे हैं। किसानों की सहूलियत के नजरिए से जिले में गेहूं, चना, मसूर एवं सरसों के उपार्जन के लिये खरीदी केन्द्र स्थापित किये गये है। 31 मई तक उपार्जन कार्य चालू रहेगा।
50 दिवस से ऊपर की आधी शिकायतें कम करें- कलेक्टर मैहर
मैहर कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड ने मैहर जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व कार्यों एवं पेयजल की स्थिति, गेहूं उपार्जन एवं विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। इस मौके पर अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, एसडीएम विकास सिंह, आरती यादव, डॉ आरती सिंह, सीईओ जनपद ओपी अस्थाना, एमएल प्रजापति, नगर पालिका अधिकारी लालजी ताम्रकार सहित सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार और जिला प्रमुख अधिकारी गूगल मीट से वर्चुअली जुड़े।
कलेक्टर मैहर श्रीमती बाटड ने सभी राजस्व कोर्टवार आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होने नायब तहसीलदार कोर्ट अमदरा, ताला, रामनगर का प्रदर्शन न्यूनतम होने पर अप्रसन्नता जताई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र के राजस्व कोर्ट में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिये। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि कोई भी प्रकरण नॉट-अटेंड नहीं रहना चाहिये। उन्होने 50 दिवस से अधिक की शिकायतों को विभागवार आज ही कम से कम 50 प्रतिशत निराकरण करने का लक्ष्य दिया है। गेहूं उपार्जन की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन द्वारा उपार्जन की अवधि 31 मई तक बढ़ा दी गई है। सभी राजस्व अधिकारी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार निरंतर भ्रमण करते हुये खरीदी के अंतिम दिनों में सघन निगरानी बनाये रखें। खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता जिले में होने पर तत्काल सख्त कार्यवाही करें। कलेक्टर ने नगर पालिका क्षेत्र मैहर, नगर पंचायत अमरपाटन और रामनगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की स्थिति की समीक्षा की। नगर पालिका अधिकारी मैहर लालजी ताम्रकार ने बताया कि केजेएस की इमलिया खदान से पानी लाने के बाद मैहर नगर की पेयजल आपूर्ति सुचारु और सुगम हो गई है। अब मैहर नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति प्रतिदिन की जा रही है।
राज्य स्तरीय जैव विविधता पुरस्कार के लिए आवेदन 30 जून तक आमंत्रित
जैव विविधता संरक्षण को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय वार्षिक जैव विविधता पुरस्कार योजना वर्ष 2023 के लिए 30 जून तक आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। इच्छुक व्यक्ति, शासकीय एवं अशासकीय संस्थान अपने आवेदन उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें के माध्यम से मप्र जैव विविधता बोर्ड को प्रेषित कर सकते हैं। पुरस्कार के लिए निर्देश एवं आवेदन पत्र बोर्ड की वेबसाईट से डाउनलोड किये जा सकते हैं।
Bhaskar Hindi News