सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में खनिज पदार्थों का अवैध उत्खनन नहीं थम रहा है। कुछ इसी प्रकार एक बार फिर खनिजों की अवैध उत्खनन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जिले की धारकुंडी पुलिस ने दो जेसीबी मशीन और डंपर जब्त किया है।धारकुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत खाम्हा खुईया पहाड़ के नीचे चल रहे अवैध उत्खनन में पुलिस द्वारा एक जेसीबी और एक डंपर जब्त करके थाना में खड़ा करवा दिया गया है।इसके साथ ही पुलिस द्वारा इस मामले में तहसीलदार मझगवां को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है कि पटवारी के नापजोख करवाकर यह स्थिति स्पष्ट करें कि जिस आराजी में उत्खनन कार्य कराया जा रहा था, वह वैध लीज की आराजी है अथवा नहीं। थाना प्रभारी धारकुंडी आशीष धुर्वे ने बताया कि उन्होंने जिला खनिज अधिकारी को भी पत्र लिखकर इस संबंध में जानकारी चाही है।
उत्तर प्रदेश का है डंपर
थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि रविवार शाम खाम्हा खुइया पहाड़ के नीचे कुछ लोगों द्वारा जेसीबी लगाकर अवैध रूप से खनिज उत्खनन कराया जा रहा था। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी क्रमांक एमपी 17 डीए 0932 एवं डंपर क्रमांक यूपी 78 सीटी 3939 को जब्त करके थाना में खड़ा करवा दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आज से लगभग एक माह पूर्व खाम्हा खुइया पहाड़ से लगभग तीन सौ मीटर दूर माइनिंग विभाग के अधिकारियों की टीम ने छापामारी की ई की थी। जिसके चलते उनके द्वारा अवैध उत्खनन की शिकायत पर जेसीबी एवं डंपर जब्ती के साथ खनिज अधिकारी एवं तहसीलदार मझगवां से पत्र व्यवहार कर उक्त आशय की जानकारी चाही है। अवैध उत्खनन के इस मामले की जानकारी कलेक्टर को भी भेजी जाएगी।
Bhaskar Hindi News