



शहडोल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ शहडोल में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सिकल सेल एनिमिया उन्मूलन अभियान 2047 की शुरुआत की। इस दौरान लालपुर में जनसभा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह भाजपा सरकार है, यह मोदी है जो आपको पांच लाख की स्वास्थ्य गारंटी का कार्ड देती है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि साथियों गारंटी की चर्चा के बीच आपको झूठी गारंटी देने वालों से भी सावधान रहना है और जिन लोगों की अपनी कोई गारंटी नहीं है वह आपके पास गारंटी वाली नई नई स्कीम लेकर आ रहे हैं। उनकी गारंटी में छिपे खोट को पहचान लीजिए झूठी गारंटी के नाम पर उनके धोखे के खेल को भांप लीजिए । ज्ञात हो कि जबलपुर में बीते दिनों प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत मध्य प्रदेश में की थी जहां कांग्रेस ने पांच योजनाओं की गारंटी दी थी।
70 साल में गारंटी नहीं दे सके
नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह 70 साल में गरीब को महंगे इलाज से छुटकारा देने की गारंटी नहीं दे सके, लेकिन हमने स्वास्थ्य की गारंटी दी है। वह 70 साल में धुएं से छुटकारा दिलाने की गारंटी नहीं दे सके लेकिन हमने उज्ज्वला योजना से 10 करोड़ महिलाओं को धुआं से मुक्त किया है। वह 70 साल में गरीब को पैरों पर खड़े होने की गारंटी नहीं दे सके हमने मुद्रा योजना से साढ़े आठ करोड़ को स्वरोजगार की गारंटी दी है उनकी गारंटी का मतलब है कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ है।
करप्शन के आरोपी जमानत पर बाहर हैं
नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपको कांग्रेस सहित हर राजनीतिक दल की गारंटी से सतर्क रहना है। उन्होंने यह भी कहा कि करप्शन के आरोपी जमानत में बाहर हैं। ये आतंकवाद मुक्त भारत की गारंटी नहीं दे पाए। इनका रवैया हमेशा आदिवासियों के खिलाफ रहा है। आदिवासी समुदाय के सामने भाषा की बहुत बड़ी चुनौती आती थी हमने स्थानीय भाषा में पढ़ाई की सुविधा दी गई है।
नीयत में खोट गरीब पर चोट
उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली की गारंटी यानी बिजली के दाम बढ़ाने वाले हैं। पेंशन बढ़ाने की गारंटी मतलब उस राज्य में कर्मचारियों को समय पर वेतन भी नहीं मिल पाएगा। नीयत में खोट गरीब पर चोट। प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान मंच पर मप्र के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, रेणुका सिंह, डॉ भारती पवार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा समेत तमाम जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
हमने आदिवासी इलाकों में एकलव्य स्कूल खोले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं जानता हूं कि आदिवासी इलाकों में कालेजों और स्कूलों का कितना महत्व है इसलिए हमारी सरकार ने 400 से अधिक नए एकलव्य स्कूल खोले हैं। मध्य प्रदेश के ऐसे 24 हजार विद्यार्थी इन स्कूलों में पढ़ रहे हैं। पहले की सरकारों ने जनजाति समाज की लगातार उपेक्षा की। हमने अलग से आदिवासी मंत्रालय बनाया। पहले जंगल जमीन लूटने वालों को खुला संरक्षण मिलता था, लेकिन हमने पेसा एक्ट लागू का जनजातीय समाज को उनका अधिकार दिया है।
2047 तक सिकल सेल एनीमिया से आदिवासी परिवारों व देश को मुक्ति दिलाएंगें

प्रधानमंत्री ने शहडोल के लालपुर में जनसभाको संबोधित किया। यहां हजारों आदिवासी पहुंचे। यहां पर सिकल सेल एनिमिया उन्मूलन अभियान 2047 की शुरुआत प्रधानमंत्री ने की। जय सेवा जय जोहार सपना संबोधन शुरू करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज मुझे रानी दुर्गावती जी की पावन धरती पर आने का सौभाग्य मिला। रानी दुर्गावती के चरणों में श्रद्धांजलि समर्पित करता हूं। उनकी प्रेरणा से आज सिकलसेल मुक्ति मिशन बहुत बड़े अभियान की शुरुआत हो रही है। आज ही मध्य प्रदेश में एक करोड़ लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड दिए जा रहे हैं। इन दोनों प्रयासों के सबसे बड़े लाभार्थी हमारे गोंड समाज, भील समाज या अन्य हमारे आदिवासी समाज में लोग हैं। मैं आप सभी को मध्य प्रदेश की डबल इंजन सरकार को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। कार्यक्रम के बाद वे शहडोल के पकरिया गांव पहुंचे जहां आदिवासी महिलाओं और पुरुषों के साथ संवाद किया।
संवाद के दौरान एक बच्ची को दुलारते हुए दिखे पीएम

पकरिया गांव में संवाद कार्यक्रम के दौरान फूलवती ने प्रधानमंत्री ने स्वसहायता समूह की महिलाों से भी चर्चा की। इस दौरान एक महिला के बच्चे को दुलारते हुए भी प्रधानमंत्री दिखे। महिला फूलवती ने प्रधानमंत्री से कहा कि मैं किराना दुकान चला रही हूं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पूछा कौन सी चीज का उत्पादन बाजार में ठीक तरीके से जाता है। फूलवती ने कहा सब्जी, जिस पर प्रधानमंत्री ने कहा शहद के उत्पादन के बारे में भी सोचें। इसी कार्यक्रम में विजेता स्व सहायता समूह की अध्यक्ष गुड्डू सिंह ने कहा कि मेरी पहचान समूह के माध्यम से हुई है। वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य हूं। चार से साढ़े चार लाख सालाना कमाते हैं।
लालपुर में मंच से प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संकल्प हमारे देश के आदिवासी भाई बहनों के जीवन को सुरक्षित बनाने का संकल्प है। यह संकल्प सिकल सेल एनीमिया की बीमारी से मुक्ति का यह संकल्प है। हर साल सिकल सेल एनीमिया की गिरफ्त में आने वाले ढाई लाख बच्चे उनके ढाई लाख परिवार जनों का जीवन बचाने का। मैंने देश के अलग-अलग इलाकों में आदिवासी समाज के बीच एक लंबा समय गुजारा है सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारी बहुत कष्टदाई होती है। इसके मरीजों के जोड़ों में हमेशा दर्द रहता है, शरीर में सूजन और थकावट रहती है, पीठ पर और सीने में असहनीय दर्द महसूस होता है, सांस फूलती है। लंबे समय तक दर्द सहने वाले मरीज के शरीर के अंदरूनी अंग भी क्षतिग्रस्त होने लगते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का डुमना विमानतल पहुंचने पर आत्मीय स्वागत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का डुमना विमानतल पहुंचने पर आत्मीय स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री का भारतीय वायुसेना के विशेष विमान द्वारा दोपहर लगभग सवा दो बजे डुमना विमानतल आगमन हुआ था। विमानतल पर प्रधानमंत्री की आगवानी मिनिस्टर इन वेटिंग प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं जबलपुर जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने की थी। विमानतल पर प्रधानमंत्री का स्वागत केंद्रीय जल शक्ति एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोंटिया, सांसद राकेश सिंह, राज्य सभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मिकी, विधायक अजय विश्नोई, नन्दिनी मरावी, सुशील कुमार तिवारी “इंदु”, अशोक रोहाणी, जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष वरकड़े, पूर्व मंत्री अंचल सोनकर, हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू, पूर्व विधायक श्रीमती प्रतिभा सिंह, पूर्व महापौर श्रीमती स्वाति गोडबोले, भाजपा के नगर अध्यक्ष श्री प्रभात साहू एवं भाजपा के जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्री सुभाष तिवारी “रानू”, प्रदेश भाजपा मंत्री आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजपा अखिलेश जैन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भाजपा अभिलाष पांडे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जी एस ठाकुर, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के समन्वयक शरद अग्रवाल एवं सुधांशु गुप्ता ने किया ।
Bhaskar Hindi News