Sunday , May 19 2024
Breaking News

BJP Sthapna Diwas: CM शिवराज ने कहा, हम देश बनाने निकले हैं, गर्व है भाजपा का कार्यकर्ता होने पर

BJP Sthapna Diwas: digi desk/BHN/ भोपाल/ हमारी यात्रा जनसंघ से शुरू हुई। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का लगातार विस्तार हो रहा है। पूर्वोत्तर के राज्यों तक में कांग्रेस और कम्युनिस्टों का सफाया हो गया है और इन राज्यों में भाजपा की सरकारें सफलतापूर्वक काम कर रही हैं। हमें ध्यान रखना है कि हम सिर्फ राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि हम देश बनाने निकले हैं। हमें भाजपा जैसी पार्टी का कार्यकर्ता होने पर गर्व है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को पार्टी के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश सहित पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का संबोधन सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे , सुंदरसिंह भंडारी जैसे अनेक नेता जुड़े। उस समय जनसंघ के लोगों को कई गांवों में घुसने नहीं दिया जाता था। तब किसी ने नहीं सोचा था कि एक दिन पार्टी इस रूप में होगी। मध्य प्रदेश में कुशाभाऊ ठाकरे, प्यारेलाल खंडेलवाल, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, सुंदरलाल पटवा जैसे नेताओं ने पार्टी के लिए अपना जीवन लगा दिया, खुद को खपा दिया। इन्हीं नेताओं और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से 1967 में संविद सरकार बनी और 1977 में जनता पार्टी की सरकार बनी। चौहान ने कहा कि उस समय भी हमारा विचार स्पष्ट था कि हमें भारतीय मूल्यों और संस्कृति के आधार पर एक वैकल्पिक विचारधारा देना है।

विकास के नए युग की शुरुआत

चौहान ने कहा कि वर्ष 1996 में जब अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही देश में विकास के नए युग की शुरुआत हुई। चौहान ने कहा कि 2013 में पार्टी ने नरेन्द्र मोदी का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए तय किया और 2014 में हमारी पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनी। उन्होंने कहा कि आज हमारी सरकार वो काम कर रही है, जिनके बारे में कभी कल्पना भी नहीं की जाती थी।

सीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दी स्थापना दिवस की बधाई

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। सीएम शिवराज ने ट्वीट कर लिखा, राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए समर्पित संगठन भाजपा के स्थापना दिवस की भाजपा परिवार के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई। यह दिन हमें राष्ट्र सेवा के पावन व्रत और अंत्योदय के उत्थान के संकल्पों की याद दिलाता है। देश और समाज हित ही परम ध्येय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में हम सभी शिक्षित, समर्थ और नये भारत के निर्माण के प्रयासों में जुटे हैं।

सीएम शिवराज ने लिखा कि श्रद्धेय श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल जी के सपनों का भारत हम मिलकर बनाएंगे। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए राष्ट्र हित ही सर्वोपरि है। इस पवित्र ध्येय के लिए जीवन का हर क्षण समर्पित है। भाजपा का यह स्थापना दिवस हम सभी कार्यकर्ताओं को सेवा पथ पर बढ़ने के लिए नव ऊर्जा प्रदान करता है। सभी साथियों को स्थापना दिवस की पुन: बधाई।

 

About rishi pandit

Check Also

MP: नाबालिग को नशीली दवा खिलाकर दुष्कर्म, थाने में मामला दर्ज

Madhya pradesh tikamgarh tikamgarh crime rape of minor by giving her drugs case registered in …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *