- हालत देखकर दंग रह गया अस्पताल स्टाफ
- प्रिमैच्योर था बच्चा, पीएम के बाद परिजनों को सौंपा

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ सरदार वल्लभ भाई पटेल जिला चिकित्सालय सतना में शनिवार की दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला डिलेवरी के बाद झोले में नवजात बच्चे का शव लेकर इलाज कराने डॉक्टर के पास पहुंच गई। बच्चे को मृत अवस्था में देखकर डॉक्टर सहित स्टाफ दंग रह गया। आनन फानन में प्रकरण की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई । इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला। फिलहाल मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। बताया जाता है कि माइग्रेन की समस्या से जूझ रही महिला जो की सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जवाहर नगर की रहने वाली है, वह दोपहर के वक्त नवजात का शव लेकर अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सा स्टाफ की सूचना पर पुलिस पहुंची। महिला ने अपने परिवार की जानकारी दी। जिसके बाद पति और अन्य रिश्तेदारों को बुलाया गया। पंचनामा तथा पीएम के पश्चात परिजनों को शव सुपर्द कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि महिला का नाम सविता सिंह परिहार पति अभय सिंह परिहार 39 वर्ष है। जो कि जवाहर नगर गली नम्बर 7 की रहने वाली हैं। विगत दो वर्ष से महिला को माइग्रेन की बीमारी है। जिसके चलते वह अक्सर चीजों को भूल जाती है। उसकी दिमागी हालत सही नहीं रहती इसी कारण वह इस प्रकार की हरकतें करती है।
प्रीमैच्योर था बच्चा
महिला के परिजनों ने बताया कि वह सात महीने की गर्भवती थी। परिवार के सदस्यों को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उसकी आज डिलेवरी हो सकती थी। संभवत: बाथरूम जाने के दौरान उसकी प्रीमैच्योर डिलेवरी हुई और वह झोले में बच्चे को लेकर अस्पताल आ गई। ड्यूटी डॉ ने जब बच्चे को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
Bhaskar Hindi News