Sunday , April 28 2024
Breaking News

Satna: विकास में सबका सहयोग जरुरी- सांसद गणेश सिंह

  • जरुरतमंदो की मदद और क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकता
  • रैगांव क्षेत्र के 7 करोड़ 91 लाख के 3 विकास कार्यों का भूमि पूजन

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान द्वारा जनदर्शन के दौरान रैगांव क्षेत्र में की गई विकास कार्यों की घोषणाओं का धरातल पर क्रियान्वयन का कार्य तेजी से जारी है। सांसद श्री गणेश सिंह ने शनिवार को रैगांव क्षेत्र के 7 करोड़ 91 लाख रुपए लागत के तीन बड़े विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रुप में क्षेत्रीय विधायक कल्पना वर्मा, जनपद सोहावल की प्रधान संतोष सिंह, नागौद जनपद की प्रधान गायत्री पटेल, जिला पंचायत सदस्य उमेश प्रताप सिंह, जनपद सदस्य धर्मेंद्र सिंह भी उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की प्रधान सुधा सिंह ने की।

कार्यक्रम में सांसद श्री सिंह ने मुख्यमंत्री श्री चौहान की घोषणाओं के अनुरूप 5 करोड़ 73 लाख रुपये से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन रैगांव, एक करोड़ 8 लाख 79 हजार लागत के उप तहसील भवन रैगांव एवं 108 लाख 79 हजार लागत के उप तहसील भवन सिंहपुर के निर्माण कार्यों का विधिवत पूजन एवं शिला-पट्टिका अनावरण कर शिलान्यास किया।

सांसद श्री सिंह ने इस मौके पर कहा कि क्षेत्र का विकास और जरूरतमंदों की मदद सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा की गई विकास कार्यों की एक-एक घोषणा को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। सांसद ने कहा कि रैगांव क्षेत्र का विकास कमजोर नहीं पड़ना चाहिए। विकास कार्यों में सबका सहयोग जरूरी है और यह हम सब की जिम्मेदारी भी है। सांसद ने हिंदू नव वर्ष के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी।

विधायक रैगांव कल्पना वर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधि चुने जाने के बाद किसी दल का नहीं, बल्कि वह जनता का प्रतिनिधि होता है। क्षेत्र का विकास और गरीबों का कल्याण सब की जिम्मेदारी होती है। विकास के लिए जनप्रतिनिधियों को एकजुट रहना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत की प्रधान सुधा सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रधानमंत्री जी के मूल मंत्र सबका साथ-सबका विकास के आधार पर कार्य कर रही है। अंत्योदय की भावना अनुसार सबसे अंतिम पंक्ति के वंचित लोगों को प्राथमिकता के साथ मुख्यधारा में शामिल किया जा रहा है। कार्यक्रम को जिला महामंत्री संतोष शर्मा, अरविंद सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण पीआईयू ने बताया कि उप तहसील भवन सिंहपुर और रैगांव के निविदाकार एक ही हैं। दोनों कार्य 9 माह में पूर्ण होंगे। इसी प्रकार 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन रैगांव का कार्य 15 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।

 

About rishi pandit

Check Also

Rewa: अमेठी में ट्रैक्टर ट्राली पलटी, रीवा निवासी चालक समेत दो की मौत

रीवा,भास्कर हिंदी न्यूज़/ गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर बृहस्पतिवार को ईंट लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली चंदौकी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *