Wednesday , May 8 2024
Breaking News

Satna: सतना संसदीय क्षेत्र में शाम 6 बजे तक 60.37 प्रतिशत हुआ औसत मतदान

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिये सतना और मैहर जिले की सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों के लिये मतदान का सिलसिला प्रातः 7 बजे से लगातार जारी रहा। मतदान केंद्रों में किये जा रहे मतदान के प्रतिशत की जानकारी संकलित करने जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट भवन के ई-दक्ष केंद्र में कम्युकिशेन सेंटर स्थापित किया गया था। जिसमें मतदान शुरु होने से हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत की विधानसभावार जानकारी संकलित कर निर्वाचन आयोग को भेजी गई।
जिला निर्वाचन कार्यालय के कम्युनिकेशन प्लान से प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकसभा निर्वाचन 2024 में सतना संसदीय क्षेत्र के लिये शाम 6 बजे तक किये गये मतदान के अनुसार विधानसभा चित्रकूट में 57.06 प्रतिशत, रैगांव में 60.75 प्रतिशत, सतना में 61.92 प्रतिशत, नागौद में 62.05 प्रतिशत, मैहर में 63.26 प्रतिशत, अमरपाटन में 57.41 प्रतिशत एवं विधानसभा रामपुर बघेलान में 59.72 प्रतिशत औसत मतदान हुआ। इस प्रकार सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 60.37 प्रतिशत औसत मतदान हुआ। मतदान के प्रतिशत के वास्तविक आंकड़े पीठासीन अधिकारी की डायरी से संकलित कर ही प्राप्त किये जा सकेंगे।

ये प्रत्याशी थे मैदान में

लोकसभा चुनाव मे चार बार के सांसद और भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह, कांग्रेस से दो बार के सतना विधायक सिद्वार्थ कुशवाहा, बसपा से मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी के 16 अन्य उम्मीदवार मैदान में थे। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अजीज अहमद कुरैशी, मास्टर अजीत कुमार जायसवाल, अशोक कुमार गुप्ता, अशोक कुमार साकेत, ननकू यादव, रंजना मिश्रा, हरिशंकर तिवारी, अशोक कुमार बौद्ध, रिषभ सिंह, कलीम अहमद बच्चा, चन्दभान कोल, छेदीलाल प्रजापति, दुर्गेश कुमार विश्वकर्मा, राहुल दाहिया, शफीउल्ल, सुखलाल वर्मा रत्नेश शामिल हैं।
पिछले दो चुनावों का परिणाम
लोकसभा चुनाव 2024 के पूर्व 2019 के चुनाव में सतना सीट पर भाजपा के गणेश सिंह ने कांग्रेस के राजाराम त्रिपाठी को बड़े मतांतर से पराजित किया था। इसके पूर्व 2014 में सतना लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। जिसमें भाजपा के प्रत्याशी गणेश सिंह ने सतना लोकसभा सीट पर जीत की हैट्रिक लगाते हुए कांग्रेस के उम्मीदवार अजय सिंह को हराया था। बहरहाल अब 2024 में सांसद पद पर किसकी ताजपोशी होगी वह भविष्य के गर्भ में है।

आंधी बारिश और टार्च की रोशनी में वोटिंग

संसदीय सीट पर शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद लाइन में लगे लोगों को पर्ची देकर वोट डलवाया गया। शाम को आंधी के साथ बारिश का दौर चला। इस दौरान कई केंद्रों पर लगे तंबू उड़ गए। सतना के बूथ क्रमांक-137 में बंदरों के आतंक से बिजली की लाइन टूट गई। इसके बाद मोबाइल की रोशनी में मतदान करवाया गया।
84 बूथ रहे वल्नरेबल, 35 आदर्श मतदान
सतना और मैहर जिले में फैले 7 विधानसभा चित्रकूट, रैगांव, सतना, नागौद, मैहर, अमरपाटन, रामपुर वाले सतना संसदीय क्षेत्र में क्रिटिकल मतदान केंद्रों की संख्या 458 रही, जबकि 84 बूथ वल्नरेबल चिह्नित किए गए थे। वहीं हर विधानसभा में 5 के मान से 35 आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए थे। सबसे अधिक 307 मतदान केंद्र और सर्वाधिक 266497 मतदाता रामपुर बाघेलान क्षेत्र में, जबकि सबसे कम 257 मतदान केंद्र और सबसे कम 221042 मतदाता चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र हैं।
अचानक मौसम ने ली करवट
दोपहर में रही कड़ी धूप और तेज गर्मी के बीच सतना में अचानक मौसम में करवट ली और धूल भरी तेज आंधी के साथ मामूली बूंदाबांदी भी हुई। तेज हवा के झोंको ने जहां मतदान केंद्रों पर लगे तंबू उड़ गए। वहीं सतना शहर में व्यंकट क्रमांक 1 स्थित मतदान सामग्री वितरण एवं जमा स्थल पर भी व्यवस्थाएं तहस नहस हो गईं। यहां लगे पंडाल भी धराशायी हो गए। सूचना मिलने पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अनुराग वर्मा तथा एसपी आशुतोष गुप्ता व्यंकट 1 पहुंचे और पंडाल दोबारा व्यवस्थित कर मतदान दलों की वापसी से पहले सब कुछ दुरुस्त कराने की कोशिश में जुट गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने षांतिपूर्ण मतदान के लिये जताया आभार

लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिये सतना संसदीय क्षेत्र के सतना और मैहर जिले में निर्विघ्न और शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अनुराग वर्मा ने मतदाताओं, नागरिकों, चुनाव ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों तथा सुरक्षा कर्मियों का आभार जताया है। कलेक्टर श्री वर्मा ने समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों तथा राजनैतिक दलों एवं अभ्यर्थियों से मिले सहयोग के लिए भी उनका आभार माना है।

महिलाओं और युवाओं ने दिखाई मतदान करने में अपनी सक्रियता

लोकसभा निर्वाचन 2024 में सतना संसदीय क्षेत्र के सतना और मैहर जिले में शुक्रवार को लोकतंत्र के महापर्व पर बुजुर्ग, दिव्यांग, युवा, महिलाएं, छात्र-छात्राओं ने उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ सहभागिता निभाई। इनमें पहली बार वोट करने वाले युवा मतदाता और महिला में विशेष उत्साह देखने को मिला। जिले में मतदान प्रक्रिया प्रातः 7 बजे से प्रारंभ हुई। मतदान प्रक्रिया प्रारंभ होते ही मतदान केंद्रों में मतदाताओं की कतार देखने को मिली। इस दौरान लोगों ने अपना वोटर आईडी कार्ड दिखाते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त किया। बुजुर्ग, युवा व महिलाएं सभी वर्ग के मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाने के लिए सुबह सुबह मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। मतदान को लेकर बुजुर्ग मतदाताओं का हौसला बुलंद दिखा।
मतदाताओं में मतदान करने को लेकर जोश व उत्साह देखने को मिला। लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में अपना योगदान देने के लिए मतदाता कोई कसर नहीं छोड़ रहे थे। मतदान करने के बाद सभी मतदाताओं ने कहा कि हमने लोकतंत्र के इस महान यज्ञ में अपनी मत की आहुति देकर अपना कर्तव्य निभाया है, सभी मतदाता इस कर्तव्य को अवश्य निभाएं। जिले के विशेष मतदान केंद्रों में सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां मतदाताओं ने मतदान करने के पश्चात सेल्फी लिया।
प्रथम बार मताधिकार प्रयोग करने पर युवा मतदाता शांभवी ने व्यक्त की प्रसन्नता
जिले की युवा मतदाता शांभवी सिंह ने लोकसभा निर्वाचन 2024 में प्रथम मताधिकार का प्रयोग उत्साह एवं उमंग के साथ प्रसन्नता व्यक्त करते हुए किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि मैं प्रथम बार अपनी मताधिकार का प्रयोग किया है मुझे बहुत ही प्रसन्नता महसूस हो रही है। मैं आगे भी लोकतंत्र के इस महापर्व में ऐसे ही उमंग के साथ मतदान करना चाहती हूं। सभी युवा वोटर मतदान अवश्य करें।
सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र
सतना और मैहर जिले के विशेष मतदान केंद्रों में सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र रहा। लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सेदारी निभाने बड़ी संख्या में मतदाता अपने मतों का प्रयोग कर सेल्फी लिया। सेल्फी के माध्यम से इस लोकतंत्र के महायज्ञ में अपनी मत की आहुति देने हेतु मतदाताओं से अपील भी की। सतना शहर के सिविल लाइंस स्थित महिला आदर्श केंद्र में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा और उनकी पत्नी नेहा चौधरी वर्मा ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाई। इसके अलावा मतदान केंद्र के मतदाताओं ने भी मतदान करने के बाद उत्साहपूर्वक अपने मोबाइल पर सेल्फी कैप्चर की।

पद्मश्री बाबूलाल दाहिया ने अपने परिजनों के साथ किया वोट
सतना 26 अप्रैल 2024/लोकसभा निर्वाचन 2024 में सतना और मैहर जिले के सम्मानित नागरिकों ने भी मतदान किया। इनमें विधानसभा क्षेत्र नागौद मे भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित 85 वर्षीय पद्मश्री बाबूलाल दाहिया ने अपने गृहग्राम पिथौराबाद मतदान केंद्र में अपने परिवारजनों के साथ मतदान किया। श्री दाहिया के साथ उनके पुत्र और पौत्र ने भी मतदान किया।

देर रात तक पहुंचते रहे मतदान दल, व्यकंट 1 में जमा कराई गई सामग्री
लोकसभा चुनाव का मतदान समाप्त कराने के बाद मतदान सामग्री जमा करने के लिए पोलिंग पार्टियों का देर रात तक पहुंचने का सिलसिला जारी रहा है। प्रत्येक मतदान दल को सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न कराने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने बधाई दी। उन्होने मतदान सामग्री स्थल पर जाकर सामग्री वापसी कार्य का अवलोकन किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े, आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना उपस्थित रहे। सामग्री वापसी स्थल पर सभी एआरओ सहित संबंधित अधिकारी देर रात तक उपस्थित रहकर सामग्री वितरण के कार्य की निगरानी करते रहे।

मतदाताओं के बीच आकर्षण का केंद्र बने आदर्श मतदान केंद्र
लोकसभा निर्वाचन-2024 में सतना संसदीय क्षेत्र की सात विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान सम्पन्न हुआ। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए बेहतर से बेहतर प्रबंध किये गये थे। जिला प्रशासन द्वारा मतदान केन्द्रों में व्यवस्थायें इस तरह से की गई थी कि मतदाताओं को मतदान करने के में कोई कठिनाई नहीं हो। मतदान करने के लिए मतदाता आकर्षित हों। लोकसभा क्षेत्र सतना में कुल 35 मतदान केन्द्र आदर्श मतदान केन्द्र, महिला कार्मिकों द्वारा संचालित 70 बूथ बनाये गये थे। इसी प्रकार दिव्यांग कर्मियों द्वारा संचालित 7 बूथ तथा 268 मिक्स बूथ बनाये गये थे।
इन मतदान केन्द्रों को विशेष साज-सज्जा के साथ सजाया गया था। मतदान केंद्रों में गुब्बारे लगाकर फूल से मतदान केन्द्र को सजाया गया था। मतदान केन्द्र के प्रवेश द्वार को स्वागत द्वार की तरह सजाया गया था। मतदान केन्द्र में छाया और पीने के पानी की अच्छी व्यवस्था थी। मतदाताओं के बैठने के समुचित प्रबंध किये गये थे। शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प/व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई। बुजुर्ग, दिव्यांग, गर्भवती महिला मतदाताओं को वोट डालने के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ रहा था। आदर्श मतदान केन्द्र मतदाताओं के बीच आकर्षण का केन्द्र बने रहे। आदर्श मतदान केंद्र पर मतदान करने वाले मतदाताओं ने विशेष सुविधाओं की सराहना भी की। लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र-9 सतना के आदर्श मतदान केंद्र तथा महिला मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। विशेष सजावट के साथ मतदान केंद्रों में रखे गए सोफे, ठंडे पानी की व्यवस्था, सेल्फी प्वाइंट की सुविधा उपलब्ध थी। केंद्र पर लगे झूले तथा फिसल पट्टी का बच्चों ने भरपूर लुत्फ उठाया।

मतदान दिवस पर सक्रिय रहा वेबकास्टिंग व्यू सेल
995 मतदान केंद्रों की हुई वेब कास्टिंग
लोकसभा निर्वाचन 2024 में सतना और मैहर जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्र के कुल 1950 मतदान केन्द्रो में से 995 मतदान केंद्रों में वेब कास्टिंग की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में सात विधानसभा क्षेत्रों के 995 मतदान केन्द्रो पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर पल-पल की गतिविधियां जिला निर्वाचन कार्यालय सतना के द्वितीय तल के हॉल में स्थित वेब कास्टिंग कंट्रोल रूम में देखी गई। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा भी लगातार वेब कास्टिंग के माध्यम से जिले की गतिविधियों पर नजर रखी गई। सतना और अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र के 140-140, चित्रकूट के 129, मैहर के 148, नागौद के 154, रैगांव के 130 और रामपुर बघेलान विधानसभा के 154 मतदान केंद्रो में वेब कास्टिंग की गई है। ई-दक्ष केंद्र के प्रभारी सतीश पांडेय और उनकी टीम द्वारा मतदान दलों की रवानगी से लेकर उनके वापस होने तक की जानकारी मतदान केंद्रवार देखी गई।

सतना से अब तक के सांसद

  • -1952 शिवदत्त उपाध्याय-कांग्रेस
  • -1967 देवेन्द्र विजय सिंह-कांग्रेस
  • -1971 नरेन्द्र सिंह-भारतीय जन संघ
  • -1977 सुखेन्द्र सिंह-भारतीय लोक दल
  • -1980 गुलशेर अहमद-कांग्रेस
  • -1984 अजीत कुरैशी-कांग्रेस
  • -1989 सुखेन्द्र सिंह-भाजपा
  • -1991 अर्जुन सिंह-कांग्रेस
  • -1996 सुखलाल कुशवाहा-बसपा
  • -1998 रामानंद सिंह-भाजपा
  • -1999 रामानंद सिंह-भाजपा
  • -2004 गणेश सिंंह-भाजपा
  • -2009 गणेश सिंह-भाजपा
  • -2014 गणेश सिंह-भाजपा
  • -2019 गणेश सिंह-भाजपा
  • -2024-

कहां कितने प्रतिशत मतदान

  • चित्रकूट- 57.06
  • रैगांव- 60.75
  • सतना- 61.92
  • नागौद- 62.05
  • मैहर- 63.26
  • अमरपाटन- 57.41
  • रामपुर बाघेलान- 59.72

About rishi pandit

Check Also

Satna: बाल विवाह करने पर होगी सजा और जुर्माना

बाल विवाह की सूचना कंट्रोल रुम के दूरभाश 07672-494353 पर दे सकते हैं नागरिक सतना,भास्कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *