करपा मोड़ के पास हुआ हादसा, पलटने के बाद 15 मीटर गहरे गड्ढे में गिरा वाहन
अनूपपुर,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले के थाना करनपठार अंतर्गत ग्राम पंचायत करपा क्षेत्र में रविवार दोपहर एक मालवाहक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में तीन वर्ष की एक बच्ची और 40 वर्ष का एक युवक शामिल है।
मिली जानकारी अनुसार ग्राम लम सरई से मालवाहक पिकअप क्रमांक एमपी 65 जीए 2469 में करीब 15 लोग सवार थे जो करपा की तरफ आ रहे थे। ग्राम करौंदी और करपा के बीच यह वाहन एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया गाड़ी कई बार पलटते हुए करीब 15 मीटर नीचे जाकर गिरी वाहन के चारों पहिए ऊपर हो गए थे तथा सवार गाड़ी के नीचे दबे हुए थे।
घटना के समय पिकअप तेज गति में थी चालक मोड़ पर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया।इस घटना में चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पहुंचे साथ ही करन पठार पुलिस भी पहुंची। जेसीबी बुलाकर वाहन को पलटाया गया और घायलों को करपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। 5 लोग गंभीर रूप से घायल थे जिन्हें शहडोल भेज दिया गया।
इस घटना में 2 लोग की मौत हो गई जिनमें राजकुमारी 3 वर्ष निवासी पकरी पानी और रामकरण पिता अहिरवण सिंह 40 वर्ष निवासी ग्राम करौंदी शामिल हैं। बताया गया घटना में मृत बालिका की मां भी गंभीर रूप से घायल हुई है जिसे शहडोल अस्पताल भेजा गया है। वाहन में सवार अन्य लोगों को हाथ पैर में चोट आई जो करपा अस्पताल में इलाजरत है।