Tuesday , September 17 2024
Breaking News

Satna: अध्ययन के लिए समर्पित हों, तो संसाधन कोई मायने नहीं रखते- कलेक्टर


हाईस्कूल और हायर सेकण्डरी में प्रदेश की मेरिट में आये जिले के छात्रों का सम्मान


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अनुराग वर्मा ने हाईस्कूल और हायर सेकण्डरी की परीक्षा के परिणामों में प्रदेश की मेरिट में अपना स्थान बनाने वाले सतना जिले के मेधावी छात्रों को शुभकामना देते हुए कहा कि अध्ययन के प्रति समर्पित हों, तो संसाधन (रिसोर्स) कोई मायने नहीं रखते। मेधावी छात्र इसी मेहनत और लगन से अपने भविष्य के लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रयास करें। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को समारोहपूर्वक हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश की मेरिट में आये 5 छात्र और हायर सेकेण्डरी की मेरिट में आये 3 छात्र-छात्राओं को कलेक्टर ने प्रमाण-पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री संजना जैन, अपर कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े, डिप्टी कलेक्टर गोविन्द सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी नीरव दीक्षित, डीपीसी विष्णु त्रिपाठी, एडीपीसी गिरीश अग्निहोत्री, प्राचार्य सुशील श्रीवास्तव सहित मेरिट में आये छात्र-छात्राओं के अभिभावक और शैक्षणिक संस्था प्रमुख उपस्थित थे।
कलेक्टर अनुराग वर्मा ने कहा कि बच्चों की सफलता में उनके माता-पिता और शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। आपकी सफलता में उनका संयुक्त परिश्रम भी शामिल रहता है। कलेक्टर ने कहा कि मेरिट में आये छात्रों के शासकीय-अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं की बराबर की भागीदारी यह साबित करती है कि सफलता के लिए संसाधनों का होना ही पर्याप्त कारण नहीं होते, बल्कि बच्चों की लगन और मेहनत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि उम्र के साथ जीवन में संघर्ष और चुनौतियां भी बढ़ती है। लेकिन मेहनती प्रयासों से सफलता भी बार-बार मिलती है। उन्होंने कहा कि हमें आगे बढ़ने के लिए पास के लाभ के बजाय दूर के नुकसान के बारे में पहले सोचना चाहिए।
सीईओ जिला पंचायत संजना जैन ने कहा कि इतनी संख्या में प्रदेश के मेरिट में बच्चों का आना सतना के लिए गौरव की बात है। छात्रों को शुभकामनायें देते हुए सीईओ सुश्री जैन ने कहा कि छात्रों की सफलता उनके माता-पिता के संस्कार और उनकी मेहनत का भी योगदान है। उन्होंने कहा कि हर मौके पर अपेक्षित परिणाम मिलना संभव नहीं होता है, इसलिये असफलता से निराश नहीं हों, बल्कि दुगुने उत्साह से प्रयास करें।
अपर कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कहा कि परीक्षाओं में शिखर पर पहुंचना आसान बात नहीं होती। समाज और प्रशासन आपकी प्रतिभा का सम्मान कर रहा है। सफल मुकाम को पाने के बाद उसकी गति को बनाये रखना अधिक मेहनत का कार्य है। डिप्टी कलेक्टर गोविन्द सोनी ने कहा कि मेधावी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, लेकिन अपने इस प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हों, बल्कि और मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य प्राप्ति के लिए सतत प्रयासरत रहें।
जिला शिक्षा अधिकारी नीरव दीक्षित ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हायर सेकेण्डरी में संतोषजनक परिणाम मिले है। मासिक टेस्ट का नवाचार जिले में फिर शुरू कर इस वर्ष और अधिक और बेहतर प्रयास किये जायेंगे। डीपीसी विष्णु त्रिपाठी ने कहा कि सतना जिले का रिजल्ट प्रदेश के औसत से बेहतर रहा है। लेकिन संतोषजनक नहीं कहा जा सकता। इस बार कमियों को दूर कर और भी बेहतर प्रयास किये जायेंगे।
सम्मानित हुये मेरिट के 8 छात्र-छात्रायें
सतना जिले के कुल 8 छात्र-छात्राओं ने हाईस्कूल और हायर सेकण्डरी की परीक्षा में प्रदेश की मेरिट में अपना स्थान बनाया है। इनमें हाईस्कूल परीक्षा में 5 और हायर सेकण्डरी परीक्षा में 3 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट में स्थान दर्ज कराया। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने मेरिट में आये छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों और शिक्षकों के साथ सम्मानित किया।
हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश की मेरिट में तीसरे स्थान पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिहरा क्रमांक-1 के छात्र सौरभ सिंह ने 500 के पूर्णांक में 492 अंक अर्जित कर अपना नाम दर्ज कराया। प्रदेश की मेरिट में छठवें स्थान पर स्कॉलर होम स्कूल सतना की छात्रा कु. प्राची गुप्ता ने 489 अंक अर्जित किये। मेरिट में 9वें स्थान पर जिले के 3 छात्रों ने 486-486 अंक अर्जित किये। इनमें गुरुकुलम ज्ञानोदय विद्यापीठ विद्यालय टिकुरिया टोला सतना के छात्र ऋषभ गुप्ता, विजय बहादुर सिंह उमावि जसो के छात्र अपर्ण शुक्ला और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना की छात्रा कु. अंबे त्रिपाठी शामिल हैं।
हायर सेकण्डरी स्कूल परीक्षा में सतना जिले के छात्रों ने प्रदेश की मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराया। जिनमें कला समूह में शासकीय मॉडल उमावि मझगवां के छात्र अभिनीष कुमार त्रिपाठी ने 482 अंक अर्जित कर पांचवा स्थान और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना की छात्रा कु. कंचन गर्ग ने 479 अंक अर्जित कर आठवां स्थान हासिल किया। विज्ञान-गणित समूह सें शासकीय उमावि श्यामनगर उचेहरा सतना के छात्र रवि कुमार पाल ने 486 अंक अर्जित कर मेरिट में छठवां स्थान प्राप्त किया।
हाईस्कूल रिजल्ट में पिछले वर्ष की तुलना में 2.36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज
सतना जिले के हाईस्कूल परीक्षा 2024 के परिणामों में पिछले साल 2023 की तुलना में 2.36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। वर्ष 2022 में परीक्षा परिणाम 40.58 प्रतिशत, वर्ष 2023 में 52.70 प्रतिशत और वर्ष 2024 में 55.06 प्रतिशत रहा है। जिले को प्रदेश में 38वीं रैंक मिली है। जबकि वर्ष 2023 में 48वीं रैंक रही। संभाग स्तर पर रीवा संभाग का वर्ष 2022 में 59.11 प्रतिशत, वर्ष 2023 में 60 प्रतिशत और वर्ष 2024 में 57.82 प्रतिशत रहा। इसमें पिछले वर्ष की तुलना में 2.19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। प्रदेश स्तर पर वर्ष 2022 में 59.54 प्रतिशत, वर्ष 2023 में 63.29 प्रतिशत और वर्ष 2024 में 58.10 प्रतिशत रहा। प्रदेश के औसत में पिछले वर्ष की तुलना में 5.19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
वर्ष 2023 में प्रदेश की मेरिट सूची में सतना जिले के 17 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाया। जिनमें 4 शासकीय स्कूल और और 13 छात्र अशासकीय विद्यालयों के रहे। हाईस्कूल की परीक्षा 2024 में सतना जिले के 5 छात्र-छात्राओं ने अपना नाम दर्ज कराया, जिनमें 2 शासकीय विद्यालय और 3 अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्रायें हैं।
हायर सेकण्डरी परीक्षा परिणामों में 27.66 प्रतिशत की वृद्धि
सतना जिले में हायर सेकण्डरी परीक्षा के परिणामों में विगत वर्ष 2023 की तुलना में 27.66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में सतना जिले का परीक्षा परिणाम 61.87 प्रतिशत, वर्ष 2023 में 35.82 प्रतिशत और वर्ष 2024 में 63.48 प्रतिशत रहा। सतना जिले की रैंक वर्ष 2024 में प्रदेश स्तर पर 29वीं रही। रीवा संभागीय स्तर पर के परीक्षा परिणामों में वर्ष 2022 में 66.70 प्रतिशत, वर्ष 2023 में 50.17 प्रतिशत, वर्ष 2024 में 63.84 प्रतिशत रहा। राज्य स्तर पर प्रदेश के परीक्षा परिणाम वर्ष 2022 में 72.72 प्रतिशत, वर्ष 2023 में 55.28 प्रतिशत और वर्ष 2024 में 64.48 प्रतिशत रहा। पिछले वर्ष की तुलना में राज्य स्तर पर 9.20 प्रतिशत और संभाग स्तर पर 13.67 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। सतना जिले के हायर सेकण्डरी परीक्षा 2023 में प्रदेश की मेरिट में 9 छात्र-छात्राओं ने अपना नाम दर्ज कराया। जिसमें 4 शासकीय विद्यालय और 5 अशासकीय विद्यालय के रहे। वर्ष 2024 में प्रदेश की मेरिट में सतना जिले के 3 छात्र-छात्राओं ने मेरिट में स्थान प्राप्त किया। यह सभी तीनों छात्र शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत रहे।

About rishi pandit

Check Also

Satna: एम.पी. ट्रांस्को की वेबसाइट में पेंशनर्स के लिये डिजीटल लाइफ सर्टिफिकेट सुविधा प्रारंभ

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ एम.पी. ट्रांस्को (मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) ने अपने वित्तीय प्रक्रियाओं में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *