गहलोत और अन्य राज्यपालों को भी बधाई दी
सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल मंगुभाई पटेल को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गुजरात के नवसारी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित श्री पटेल ने अनेक दायित्वों का निर्वहन किया और वे केन्द्रीय मंत्री भी रहे हैं। जनजातीय समाज के उत्थान के लिए उन्होंने अनेक वर्ष कार्य किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री पटेल के सार्वजनिक जीवन में लंबे अनुभव का लाभ मध्यप्रदेश की उत्तरोत्तर प्रगति में मिलेगा। प्रदेश की जनता की ओर से श्री पटेल का स्वागत और अभिनंदन करता हूँ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कर्नाटक के नवनियुक्त राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत को भी नए दायित्व के लिए बधाई दी हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश से सांसद के रूप में निर्वाचित होने के पश्चात केन्द्रीय मंत्री के रूप में उल्लेखनीय सेवाएँ देते हुए श्री गहलोत ने अपनी कार्य-शैली से विशिष्ट छाप छोड़ी है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अन्य राज्यों में पदस्थ राज्यपालों को भी नए दायित्व के लिए बधाई दी है। इनमें हरियाणा में पदस्थ बंडारू दत्तात्रेय, झारखंड में पदस्थ रमेश बैस, त्रिपुरा में पदस्थ सत्यदेव नारायण आर्य, गोवा में पदस्थ पीएस श्रीधरन पिल्लई, मिजोरम में पदस्थ हरिबाबू कंभमपति और हिमाचल प्रदेश में पदस्थ राजेंद्र विश्नाथ अर्लेकर शामिल हैं।