खंडवा। खंडवा जिले के हरसूद थाना प्रभारी अमित कोरी को महिला अपराध से जुड़े गंभीर मामले में खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने निलंबित कर दिया है। हरसूद थाना क्षेत्र की एक युवती ने लिखित शिकायत देकर टीआई पर छेड़छाड़ और साइबर स्टॉकिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए। युवती ने अपने साथ हुई घटनाओं के सबूत, जैसे मोबाइल चैट और संदेश, एसपी को सौंपे।
पीड़िता ने बताया कि पति से विवाद के चलते वह टीआई से मदद मांगने गई थी। बाद में विवाद सुलझने पर भी टीआई ने उसका नंबर इस्तेमाल करते हुए उसे परेशान करना शुरू कर दिया। जब युवती ने उन्हें फेसबुक पर ब्लॉक किया, तो वे इंस्टाग्राम पर मैसेज और वीडियो कॉल करने लगे। ब्लॉक होने के बाद टीआई युवती के घर के आसपास चक्कर लगाने लगे और उसे अपने साथ रहने के लिए दबाव बनाने लगे। युवती का आरोप है कि टीआई ने उसे इंदौर में फ्लैट दिलाने का लालच दिया और विरोध करने पर हाथ मरोड़ा। किसी तरह युवती ने अपने दांतों से काटकर उनसे पीछा छुड़ाया और एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई।
एसपी ने की त्वरित कार्रवाई
एसपी मनोज राय ने शिकायत मिलते ही तत्काल टीआई अमित कोरी को निलंबित कर दिया और मामले की जांच एडिशनल एसपी ग्रामीण राजेश रघुवंशी को सौंपी।
अभिमन्यु अभियान पर सवाल
पुलिस का “मैं हूं अभिमन्यु” अभियान महिलाओं और बच्चों के प्रति अपराधों को रोकने के लिए जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा था। इस दौरान टीआई अमित कोरी के इस तरह के कृत्य ने अभियान की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का बयान
एसपी राय ने कहा कि महिला अपराधों के प्रति पुलिस अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहन जांच जारी है।
Bhaskar Hindi News