जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय व्यंकट क्रमांक-1 विद्यालय सतना में आयोजित होगा
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ प्रदेश में 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद के जन्म-दिन युवा दिवस के मौके पर सामूहिक सूर्य नमस्कार आयोजित किया जा रहा है। इसी दिन प्रदेश के विद्यालयों, महाविद्यालयों, आश्रम शालाओं और ग्राम पंचायतों में स्वामी विवेकानंद पर केन्द्रित प्रेरणादायक शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी नीरव दीक्षित ने बताया कि सामूहिक सूर्य नमस्कार 12 जनवरी को प्रातः 9 से प्रातः 10ः30 बजे तक होगा। जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यकंट क्रमांक-1 के पीछे के मैदान में आयोजित होगा। इसके साथ ही कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत वंदे-मातरम और मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन होगा। रेडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण और सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने अपने परिपत्र के जरिये सूर्य नमस्कार के लिये 12 मुद्राओं की जानकारी भेजी है। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा के साथ उच्च शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास, वन, खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता, तकनीकी शिक्षा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सहभागिता रहेगी।
उल्लेखनीय है कि युवा दिवस पूरे देश में मनाया जायेगा। राष्ट्रीय युवा उत्सव कार्यक्रम नासिक, महाराष्ट्र में आयोजित होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम पूरे देश में प्रसारित होगा। राज्य स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि होंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों के मध्य किया गया कार्य विभाजन
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुराग वर्मा ने प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से प्रशासनिक अधिकारियों के मध्य पूर्व में किये गये कार्य विभाजन आदेश को संशोधित करते हुये नवीन कार्य आवंटन आदेश जारी किया है। जारी आदेशानुसार प्रभारी डिप्टी कलेक्टर लच्छराम जांगड़े को आगामी आदेश तक सामान्य शाखा, अल्प बचत एवं संस्थागत वित्त, वित्त नजारत शाखा, अभिलेखागार, नकल शाखा, व्यवहारवाद/न्यायिक शाखा, स्टेशनरी, जनगणना शाखा सहित स्टेनो टू कलेक्टर/स्टेनो टू रीडर, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 और 2 का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही समय-समय पर सौंपे गये अन्य कार्य के लिये भी प्रभारी डिप्टी कलेक्टर श्री जांगड़े प्रभारी अधिकारी होंगे। श्री जांगड़े के मुख्यालय में उपलब्ध नहीं होने पर संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रघुराजनगर (शहरी) नीरज खरे को प्रथम लिंक अधिकारी तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रघुराजनगर (ग्रामीण) सुरेश गुप्ता को द्वितीय लिंक अधिकारी नियुक्त किया गया है।