सतना, भास्कर हिंदी न्यूज/ जिले के धारकुंडी थाना क्षेत्र में एक बेटे ने अपनी मां का ही कत्ल कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हासिल जानकारी के मुताबिक जिले के तराई अंचल के धारकुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बदकन में रमेश कोल नामक युवक ने सोमवार की सुबह अपनी मां प्रेमिया कोल पत्नी रामचरण कोल (60) की हत्या कर दी। उसने अपनी मां के सिर पर डंडे से जानलेवा किया। उसे ऐसा करते हुए उसके पिता रामचरण ने देखा और चिल्लाया लेकिन जब तक वह और अन्य ग्रामीण वहां पहुंच कर कुछ कर पाते प्रेमिया की सांसें थम चुकी थीं। इसी बीच मौका पा कर रमेश भाग निकला। मृतिका के पति रामचरण ने पुलिस को बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर गुजारा करता है। पत्नी भी मजदूरी करती थी। रविवार को रमेश ने पैसों के लिए घर में रखा अनाज बेच दिया था। जानकारी होने पर प्रेमिया ने उसे डांटा फटकारा था। इससे वह नाराज हो गया था और अपशब्द बोलने लगा था।
सुबह जब प्रेमिया घर से बाहर शौच के लिए जा रही थी तभी रमेश हाथ मे डंडा लेकर उसके पीछे पहुंच गया। जैसे वह पीसीसी रोड के पास पहुंची रमेश ने उसे गालियां देते हुए उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। आवाज सुनकर रामचरण की नजर उधर गई तो उसने देखा कि रमेश मां को मार रहा है। उसने चिल्लाना शुरू कर दिया जिसे सुनकर गांव के कुछ अन्य लोग भी उधर दौड़ पड़े। लेकिन तब तक प्रेमिया की मौत हो गई थी और रमेश भाग गया था। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची धारकुंडी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे की तलाश शुरू कर दी है।
Bhaskar Hindi News