
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ विद्युत लाइन के मेंटेनेंस के दौरान करंट लगने से बीती रात हुई एक लाइन मैन की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। नाराज लोग नेशनल हाईवे पर उतर आए और उन्होंने चक्काजाम कर दिया।
उल्लेखनीय है कि बिजली कंपनी में ठेकेदार के अधीन काम करने वाले लाइन मैन विजय जायसवाल की मंगलवार की रात करंट लगने से मौत हो गई। वह ट्रांसफॉर्मर के पास चढ़कर लाइन सुधार रहा था, तभी अचानक कुछ सेकेंड के लिए बिजली सप्लाई चालू हुई और विजय करंट की चपेट में आ गया। हालांकि उसने लाइन को परमिट पर लिया था लेकिन फिर भी सप्लाई चालू हो जाने से उसकी मौत हो गई। ऑपरेटर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कुछ लोग रात में ही कोलगवां थाना भी पहुंच गए थे।
बुधवार को जब पोस्टमॉर्टम के बाद उसका शव सौंपा गया तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने माधवगढ़ पुल के पास मटेहना मोड़ पर चकाजाम कर दिया। महिला- पुरुष,बच्चे और बूढ़े सभी सड़क पर उतर आए और पालथी लगाकर बैठ गए। उन्होंने इस मार्ग पर तीन तरफ से वाहनों की आवाजाही रोक दी। हर तरफ छोटे- बड़े वाहनों की लंबी लाइन लग गई। चक्काजाम की खबर मिलते ही तहसीलदार रघुराजनगर बीके मिश्रा, सीएसपी महेंद्र सिंह, टीआई कोतवाली भूपेंद्र मणि पांडेय और कोलगवां कोतवाल सुदीप सोनी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। बिजली कंपनी के अफ़सर को भी मौके पर बुलाया गया। नाराज लोग 15 लाख रुपए मुआवजा, परिवार के सदस्य को नौकरी, ठेकेदार और ऑपरेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग पर अड़े थे। वे ठेकेदार और क्षेत्र के जेई को भी मौके पर बुलाने की जिद भी कर रहे थे। 2 घंटे से अधिक समय तक चले प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार और सीएसपी ने कई बार समझाइश की कोशिश की, लेकिन बात तब बनी जब 9 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्स में नौकरी का आश्वासन दिया गया।
Bhaskar Hindi News