अनूपपूर (अमरकंटक),भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले की नगर पंचायत अमरकंटक में 15 सितंबर को दिनदहाड़े आरोपी अमित करायत ने अपनी चचेरी बहन करायत (मुस्कान) की घर में घुसकर तलवार से नृशंस हत्या कर दी थी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में दो माह बाद पुलिस और प्रशासन द्वारा आरोपी का घर गिराने की कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार जिस जमीन पर आरोपी का मकान बना हुआ था वह सरकारी था। नगर पंचायत अमरकंटक ने आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा कर घर खाली करने कहा था।
बताया जाता है कि पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपित घर के सामने रहने वाले चाचा के घर सुबह के समय तलवार लेकर पहुंचा था जहां मृतका मुस्कान मां के साथ थी। इस दौरान मां किसी तरह घर से बाहर निकल गई थी और मुस्कान बाथरूम में छिप गई थी । इसके बाद आरोपी ने तलवार से कई बार हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था।
इस जघन्य हत्या के बाद यहां के लोगों में भारी आक्रोश रहा। युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकजनों द्वारा इसके विरोध में कैंडल मार्च निकाला गया था। लोगों ने नगर बंद कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जुलूस निकाला था। परिवारजन और नगरवासियों ने थाना प्रभारी मनोज दीक्षित और मुख्य नगरपालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते को ज्ञापन सौंपा और कहा था कि उक्त आरोपी अमित करायत और उसके पिता रमेश करायत को सख्त से सख्त सजा मिले और आरोपित अमित करायत का घर जमीदोज किया जाय।
इस कार्रवाई के पूर्व सितंबर और अक्टूबर माह में नगर पंचायत ने आरोपी को तीन दिनों के अंदर मकान का निर्माण स्वामित्व और अनुज्ञा प्रपत्र प्रस्तुत करने हेतु घर पर सूचना नोटिस चस्पा किया था, पर कोई जवाब नहीं दिया गया था।
आज कार्रवाई के दौरान पुष्पराजगढ़ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विवेक के वी की मौजूदगी में नगर परिषद अमला,पुलिस बल और राजस्व के अधिकारी आरोपी अमित के घर पहुंचे और मकान पर बुलडोजर चलवाया गया।इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
आरोपी का घर जमींदोज किए जाने पर मुस्कान के माता- पिता ने खुशी जताते हुए कहा कि न्याय जिंदा है। हम शासन प्रशासन का धन्यवाद करते हैं। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़, सोनाली गुप्ता,अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पुष्पराजगढ़, चैन सिंह परस्ते, मुख्यनगरपालिका अधिकारी सहित पुलिस बल अमरकंटक करनपठार राजेंद्रग्राम उपस्थित रहा।
Bhaskar Hindi News