रीवा,भास्कर हिंदी न्यूज़/ सिंगरौली जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट में स्थित भू-अर्जन शाखा में पदस्थ लिपिक रविंद्र को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा है। बता दें कि
सिंगरौली जिले में कई पावर प्लांट और कोल ब्लाक स्थापित हो रहें हैं, जिसको लेकर भू-अर्जन की प्रक्रिया चल रही है। सिंगरौली जिले के ग्राम बिलवार तहसील सरई में रहने वाले हरीलाल शाह ने रीवा लोकायुक्त एसपी गोपाल धाकड़ को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन का कोल ब्लाक के लिए एपीडीएमसी कंपनी द्वारा अधिग्रहण किया जा रहा है, जिसको लेकर भू-अर्जन शाखा में उसकी फाइल लंबित है। इससे मुआवजा नहीं प्राप्त हो पाया है।
जानकारी लेने पर मुआवजा की फाइल निराकरण कराने के एवज में भू-अर्जन कार्यालय में पदस्थ लिपिक रविंद्र एक लाख रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसपी लोकायुक्त ने डीएसपी लोकायुक्त राजेश पाठक, प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम भेजकर गुरुवार को 20 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए बाबू को रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी बाबू को हिरासत में लेते हुए भ्रष्टाचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई बैढन रेस्ट हाउस में जारी है।
Bhaskar Hindi News