Monday , May 13 2024
Breaking News

Satna: मिट्टी नमूनों के परीक्षण में प्रगति लाने के निर्देश

कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी विभाग की समीक्षा

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अनुराग वर्मा ने खरीफ फसल क्षेत्राच्छादन की समीक्षा में धान के रकबे में हुई कमी की पूर्ति दलहन फसलों से करने और मिट्टी नमूनों के परीक्षण में प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्टर ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं उद्यानिकी विभाग की गतिविधियों की समीक्षा में यह निर्देश दिए। इस मौके पर उप संचालक कृषि केसी अहिरवार, उपसंचालक पशुपालन डॉ प्रमोद शर्मा, उप संचालक उद्यानिकी एनएस कुशवाह, सहायक संचालक मत्स्य अनिल श्रीवास्तव श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।

कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में धान के रकबे में पिछले साल की तुलना में कमी के संबंध में उप संचालक कृषि ने बताया कि कम वर्षा और समय पर वर्षा नहीं होने के फलस्वरूप धान के रकबे में कमी हुई है। जिसे अरहर, उड़द एवं मूंग के दलहनी फसल बोनी से पूर्ति की गई है। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को कृषि आदानो, उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक के अमानक पाए गए नमूनों के संबंध में कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में लक्ष्यों की पूर्ति नहीं होने, मैदानी क्षेत्र के अधिकारियों और प्रेजेंटेशन के साथ बैठक में उपस्थित नहीं होने पर उप संचालक उद्यानिकी पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली बैठक में इसकी पुनरावृत्ति नहीं हो। पशुपालन विभाग की समीक्षा में उप संचालक डॉ प्रमोद शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यक्रमों में एनएआईपी द्वितीय एवं तृतीय चरण, ब्रुसेल्लोसिस टीकाकरण और एफएमडी टीकाकरण के प्रथम चरण के लक्ष्य से अधिक उपलब्धि अर्जित की गई है। आचार्य विद्यासागर योजना की चार इकाई और बैकयार्ड कुक्कुट इकाई योजना की 45 इकाइयों के लक्ष्य की पूर्ति शत-प्रतिशत की गई है।

कलेक्टर श्री वर्मा ने मत्स्य विभाग की समीक्षा में मछुआ क्रेडिट कार्ड के स्वीकृत एवं वितरण कार्य में प्रगति लाने तथा अमृत सरोवर के बढ़े हुए जल क्षेत्र में मत्स्य बीज संचयन की गतिविधियां भी लिए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मैहर के पोड़ी में संचालित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र की गतिविधियों की समीक्षा भी की।

About rishi pandit

Check Also

Satna: कलेक्टर ने जगतदेव तालाब की साफ-सफाई में किया श्रमदान

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ शहर स्थित जगतदेव तालाब में एकत्र मलबे और जलकुंभी की साफ-सफाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *