सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कमिश्नर रीवा संभाग अनिल सुचारी ने बुधवार को सतना के नवनिर्मित शासकीय मेडीकल भवन का निरीक्षण किया। कमिश्नर श्री सुचारी ने अधिकारियों के साथ मेडीकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान संपूर्ण क्षेत्र का भ्रमण करते हुये फिनिशिंग के छोटे-मोटे शेष कामों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर अनुराग वर्मा, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, एसडीएम सिटी नीरज खरे और निर्माण एजेंसी के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
किसान भाई सब्जी एवं तिलहन फसलों की करें बोनी
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास केसी अहिरवार ने किसानों को सलाह दी है कि इस वर्ष विलंब से बारिश हुई है। इस कारण से धान के फसल की बोनी एवं रोपाई प्रभावित हुई है। उन्होंने धान के फसल के स्थान पर सब्जी एवं तिलहन की फसलों को लेने की सलाह दी है।
उप संचालक ने किसानों से कहा है कि धान की बोनी एवं रोपाई न होने के कारण जो खेत खाली रह गये हैं उन खेतों में पत्तेदार एवं फलदार सब्जियां उगा सकते हैं। यदि खरीफ फसल की बोनी नहीं करनी है, तो उसके स्थान पर सरसों की किस्म पूसा अग्रणी की बोनी कर सकते हैं। इसके बाद रबी सत्र में इन खेतों में जौ एवं गेंहू की फसल उगा सकते हैं। साथ ही हरी मटर की बोनी भी कर सकते है। इन फसलों की बोनी करने पर किसानों की कम वर्षा के कारण हुई आर्थिक क्षति की पूर्ति की जा सकती है। किसान अपने खेतों का सतत निरीक्षण करते रहे, जिससे फसल को संभावित नुकसान से बचाया जा सकता है।