Monday , June 3 2024
Breaking News

MP Panchayat Chunav : ‘गांव की सरकार’ चुनने के लिए 74 % मतदाताओं ने किया मतदान

पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को किया नजर बंद

MP Panchayat Chunav Second Phase: digi desk/BHN/ भोपाल/ गांव की सरकार चुनने के लिए शुक्रवार को प्रदेश के 47 जिलों में मतदान हुआ। देर शाम तक प्राप्त जानकारी के अनुसार 74 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया। पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए अधिक मतदान किया। दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में 76 प्रतिशत महिला, 72 प्रतिशत पुरुष और दस प्रतिशत अन्य ने मतदान किया। सर्वाधिक 87.70 प्रतिशत मतदान नीमच तो सबसे कम 54.80 प्रतिशत भिंड में रहा। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों का कहना है कि मतदान के प्रतिशत में वृद्धि हो सकती है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर नरसिंहपुर और हरदा को छोड़कर सभी 47 जिलों में मतदान हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें लगी थीं। सुबह नौ बजे तक 15 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग कर लिया था। 11 बजे तक 35 और एक बजे तक 57 प्रतिशत मतदान हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन बजे तक 74 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।

प्रारंभ हो गई मतगणना

मतदान केंद्र स्तर पर होने वाली मतगणना मतदान के ठीक बाद प्रारंभ हो गई। विकासखंड मुख्यालय पर होने वाली मतों की गणना चार जुलाई को सुबह आठ बजे से होगी। 14 जुलाई को अधिकृत परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मुरैना-भिंड में  कई जगह चली गोली

उधर, ग्वालियर चंबल अंचल में कुछ जगह उपद्रव व बूथ लूटने के प्रयास की घटनाएं सामने आईं। मुरैना के नूराबाद थाना क्षेत्र के रांसू गांव में जनपद सदस्य पद के प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच फायरिंग हो गई। वहीं, खंडोली ग्राम पंचायत के कोकसिंह का पूरा, बहरारे पोलिंग बूथ पर कब्जे का प्रयास किया गया। यहां दबंगों ने फायरिंग भी की। गलेथा ग्राम पंचायत के कांसपुरा पोलिंग बूथ पर कब्जे का प्रयास करने वालों ने प्रशासन की टीम पर हमला कर दिया। मतदान खत्म होने के बाद कई जगह फायरिंग की घटनाएं हुईं।

सरायछोला में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर दो बंदूक जब्त कीं। नूराबाद पुलिस ने भी बंदूक के साथ एक आरोपी को पकड़ा है। रिठौरा थाना क्षेत्र के रांसू गांव में मतपत्र फाड़ कर फायरिंग हुई है, यहां भी कुछ आरोपी पकड़े गए।

भिंड में जिला पंचायत के वार्ड तीन के पोलिंग बूथ क्रमांक 247 सीता की गढ़िया में जबरन वोट डालने से रोकने पर मतपत्र फाड़ दिए गए। प्रत्याशी नीतू आडतिया को ऊमरी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। फूफ के सराय की नई गढ़ी में कुछ लोगों ने फायरिंग की। यहां के रानी बिगरवां गांव में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच जमकर लाठी चली, जिसमें चार लोग घायल हुए।

दो पुलिसकर्मी निलंबित, उपद्रवियों के हमले में SI घायल

टीकमगढ़ के पलेरा थाने के पुरैनियां गांव में गुरुवार की रात मतदान केंद्रों का निरीक्षण के समय पुलिस को गांव में करीब 50 लोग जमा दिखे। पुलिस ने उन्हें खदेड़ा तो 50 वर्षीय मुन्ना रैकवार अंधेरा होने के चलते कुएं में गिर गया। उसे निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शुक्रवार को सुबह उसकी मौत होने पर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रशांत खरे ने उप निरीक्षक कामता प्रसाद प्रजापति और आरक्षक जितेंद्र राजपूत को निलंबित कर दिया। वहीं, अपर कलेक्टर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने गांव वालों को मतदान कराने के लिए मनाया। उधर, निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विकासखंड अंतर्गत पनिहारी गांव में उपद्रवियों ने उप निरीक्षक एसएस सिकरवार पर हमला कर दिया। उनके सिर में चोट आई है।

इन स्थानों के लिए मतदान

  • जिला पंचायत सदस्य-291
  • जनपद पंचायत सदस्य-2,227
  • सरपंच- 7,373
  • पंच- 22,451
  • कुल मतदान केंद्र- 23,967
  • कुल मतदाता- एक करोड़ 31 लाख 44 हजार 027

 

About rishi pandit

Check Also

पिपलियापाला तालाब का पानी हुआ कम व प्रदूषित, मर रही सैकड़ों मछलियां

इंदौर पिपलियापाला तालाब का पानी कम होने व प्रदूषित होने का असर अब नजर आ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *