Sunday , April 28 2024
Breaking News

Satna: महापौर की जंग में सिद्धार्थ के खिलाफ भाजपा ने योगेश ताम्रकार को मैदान में उतारा

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ नगर निगम चुनाव की चहलकदमी  बढ़ गई है। कांग्रेस ने जहां 9 जून को सतना महापौर पद के लिए अपना प्रत्याशी चुन लिया तो वहीं भाजपा ने भी 11 जून की आधी रात को अपना प्रत्याशी तय कर लिया है। सतना नगर निगम महापौर सीट के लिए भाजपा कांग्रेस दोनों ही दिग्गज पार्टियों ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए है।

कांग्रेस ने जहां सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा पर अपना दांव खेला है, तो भाजपा ने प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकार पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया है। सतना के लिए दोनों ही पार्टी के प्रत्याशी दमदार हैं और ओबीसी सीट में दोनों की ही पकड़ है। कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा जहां युवा चेहरे हैं और उनके पिता का भी राजनीतिक इतिहास रहा है। सिद्धार्थ ने जहां तीन बार के भाजपा से लगातार विधायक रहे शंकर लाल तिवारी को हराकर विधायक बने थे। इसके पूर्व जिला पंचायत में सदस्य का भी चुनाव जीत चुके हैं। तो वहीं भाजपा के प्रत्याशी योगेश ताम्रकार शहर के बड़े उद्योगपति माने जाते हैं। उन्हें औद्योगिक क्षेत्र का खासा अनुभव है और वे भाजपा में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रहते हुए भी कई राजनीतिक एवं सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में 30 साल का अनुभव भी है।

CM ने फोन पर दी जानकारी और कहा- सतना जीतकर लाना है 

भाजपा से महापौर पद के अधिकृत प्रत्याशी एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं व व्यापारी वर्ग सहित शहर के मतदाताओं के अपार सहयोग से वे प्रचंड मतों से विजयश्री अर्जित कर एक नया कीर्तिमान बनाएंगे। उन्होंने पार्टी में भितरघात की संभावना से साफ इंकार किया। कहा भाजपा एक संगठन और परिवार है और टिकट वितरण को लेकर यदि कोई असंतुष्ट है भी तो आपस में बैठकर सामंजस्य बनाने की कोशिश होगी। भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में महापौर प्रत्याशी योगेश ताम्रकार ने कहा कि लोगों ने यदि उन्हें एक जनसेवक के रूप में स्वीकार किया तो वे शहर को स्मार्ट बनाने के साथ लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने में पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने बताया कि उन्हें नहीं पता था कि वे महापौर पद के प्रत्याशी बनाए जाएंगे।

उनके पास रविवार सुबह अचानक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का फोन आया और उन्होंने बताया कि आपको महापौर पद के प्रत्याशी के रूप में पार्टी ने जिम्मेदारी दी है और आपको सतना जीतकर लाना है। योगेश ताम्रकार सतना विधायक के खिलाफ में चुनाव लड़ेंगे इस पर उन्होंने कहा कि यह उनके लिए कोई चुनौती नहीं है बल्कि चुनौती तो चुनाव ही है। हर चुनाव चुनौतिपूर्ण होता है और इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।

 

About rishi pandit

Check Also

Rewa: अमेठी में ट्रैक्टर ट्राली पलटी, रीवा निवासी चालक समेत दो की मौत

रीवा,भास्कर हिंदी न्यूज़/ गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर बृहस्पतिवार को ईंट लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली चंदौकी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *