सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में झुलसा देने वाली गर्मी अपना तीव्र असर दिखा रही है। चरम पर पहुंची गर्मी के कारण खेत-खलिहान और जंगलों आग बार-बार भड़क रही है जिसके कारण बीते 15 दिन में सैकड़ों हेक्टेयर खेतों में लगी गेहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी है। सोमवार को फिर जिले के भैसवार गांव में गेहूं के खेतों में आग भड़क गई जिसे बड़ी मशक्कत से काबू में पाया गया। जिले में अब तक रैगांव विधानसभा के अंतर्गत आने वाले नैना गांव, अमरपाटन के अमझर के जंगल से सटे गांव, उचेहरा, कोठी, मझगवां के गांवों में आग तांडव मचा चुकी है। एक ओर आग दूसरी ओर सूरज की तपन से विंध्य क्षेत्र गर्म हो रहा है। सतना में बीते तीन दिनों से अधिकतम पारा है। जबकि सोमवार को इस सीजन का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया जिसके कारण रात में भी लोगों को बेचैनी महसूस हुई। गर्मी दूर करने बच्चे और बड़े ठंडक पाने जलस्रोतों में नहाते देखे जा रहे हैं।

Satna: 43 डिग्री पर रुका पारा, भीषण गर्मी से जनजीवन हुआ बेहाल
दो सौ एकड़ की फसल खाक
जानकारी अनुसार खेतों में आग लगने के बाद ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं घंटों बाद दमकल गांवों में पहुंच रही हैं जब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी होती है। ब्लाक स्तर पर प्रशासन ने दमकल की व्यवस्था तो की है लेकिन वह नाकाफी साबित हो रही है। वहीं आग लगने के बाद मौके पर पटवारी और तहसीलदार जांच करने पहुंच रहे हैं। जानकारी अनुसार अब तक सतना में लगभग दो सौ एकड़ से अधिक की फसल आग से जलकर खाक हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने चिंता व्यक्त की
सतना सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में खेतों व खड़ी फसल पर आग लगने की घटनाओं पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने सभी किसानों और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया है कि जहां फसल खड़ी है, वहां किसी कीमत पर नरवाई में आग न लगाएं। भूसा बनाने के लिए रीपर तभी चलाएं, जब आसपास की फसल कट गई हो। इससे चिंगारी निकलने से आग लगने की आशंका होती है। भीषण गर्मी में असावधानी से बीड़ी, सिगरेट पीने से भी इस तरह की घटनाएं होती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जहां फसल खड़ी हो वहां धूम्रपान में सावधानी रखें। किसानों का नुकसान न हो इसके लिए हर संभव सतर्कता आवश्यक है।’
गर्मी से लोग भी बेहाल
सतना सहित विंध्य में गर्मी से लोग भी बेहाल हो रहे हैं और घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार सतना में अभी और गर्मी बढ़ सकती है। अप्रैल और मई के बीच गर्मी सबसे अधिक चरम पर होगी। वहीं मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को सतना का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी हवाओं का असर जिले में देखा गया। वहीं सुबह की आर्द्रता 23 प्रतिशत तो शाम की आर्द्रता 9 प्रतिशत मापी गई।