सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में कोरोना संक्रमण के मरीजों के मिलने का सिलसिला तेज हो गया है। रात आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में 12 नए मरीज सामने आए हैं। जिसमें 7 महिलाएं एक स्कूली छात्रा और शेष पुरुष है। यह मरीज, मैहर, चित्रकूट, उचेहरा और अमरपाटन में पाए गए हैं। इसी के साथ ही जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 24 हो गई है। चिकित्सा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक उचेहरा में तीन रामपुर बाघेलान में एक चित्रकूट में दो और मैहर में चार महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं।
उधर अमरपाटन में 12 साल की एक स्कूली छात्रा के शरीर में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।सतना में जहां शुक्रवार को चार कोरोना मरीजों मिले थे तो शनिवार को 12 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ज्ञात हो कि कोरोना संक्रमण अब एक बार फिर शहरी क्षेत्र के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से पैर पसारने लगा है। मैहर में मिले कोरोना संक्रमितों में गर्भवती महिलाएं भी पॉजिटिव हैं। सभी महिलाओं की कोई ट्रेवल हिस्ट्री न होने के चलते कयास लगाएं जा रहें हैं कि संभवतः सभी सिविल अस्पताल में आने के कारण संक्रमित हुईं हैं। बताया जाता है कि सभी महिलाओं का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया था।
हरकत में आया पुलिस प्रशासन
कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए पुलिस पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। थानों में निर्देश चस्पा किए जा रहे हैं कि बिना मास के प्रवेश से न करें। थानों के प्रमुख दरवाजों पर रस्सी बांधी जा रही है। इसी प्रकार लोगों को मास्क लगाने के लिए जोर दिया जा रहा है। जिले भर में पुलिस अनाउंसमेंट भी कर रही है। मझगवां में पुलिस ने अनाउंसमेंट करके मास्क लगाने शारीरिक दूरी बनाने और दुकानों के सामने गोला बनाने के लिए निर्देश दिए हैं।