सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अजय कटेसरिया द्वारा जिले के सीमावर्ती इलाकों में पड़ोसी राज्यों से अवैधानिक रुप से उपार्जन केन्द्र पर आने वाली धान के अवैध विक्रय को रोकने दल गठित किया गया है। यह दल खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान उर्पाजन अवधि 29 नवंबर से 15 जनवरी 2022 तक अवैध विक्रय को रोकने आवश्यक कार्यवाही संपादित करेगा।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेशानुसार दल में विकासखंड नागौद एवं मझगवां अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नागौद एवं मझगवां, तहसीलदार नागौद एवं मझगवां, सचिव और अतिरिक्त सचिव कृषि उपज मंडी सतना एवं नागौद, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी नागौद एवं मझगवां तथा क्षेत्रीय सहायक और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी विकासखंड नागौद एवं मझगवां को शामिल किया गया है। गठित दल अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नागौद धीरेन्द्र सिंह एवं मझगवां पीएस त्रिपाठी के नेतृत्व में उर्पाजन अवधि के दौरान अवैध विक्रय की रोकथाम के लिए सघन पर्यवेक्षण अभियान चलाकर संलिप्त पाये गये व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करेगा।