अनूपपुर,भास्कर हिंदी न्यूज़/ तालाब में नहाने के लिए गए भाई- बहन की डूबने से मौत हो गई। घटना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सकरा गांव की गुरुवार दोपहर 12ः30 बजे की है। परिजन दोनों बच्चों को जिला अस्पताल अनूपपुर लेकर पहुंचे जहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया गया।
बच्चों की मां ने बताया कि दोनों भाई -बहन पड़ोस में रहने वाली जेठानी के साथ घर से करीब 100 मीटर दूर तालाब नहाने गए हुए थे तभी नहाने के दौरान दोनों बच्चों के गहरे पानी में जाने से डूब गए। मृत बच्चों में अमृता (7) पिता रतन सिंह और अमन (5) पिता रतन सिंह मरावी है। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त बच्चों की मां गुलबसिया बाई खेत में अरहर काटने गई हुई थी और पिता रतन सिंह घर पर लकड़ी काट रहे थे। दोनों बच्चे गुलबसिया बाई की जेठानी अंजू सिंह के साथ तालाब नहाने गए हुए थे। उस समय महिला का 5 वर्ष का एक बेटा भी था। दोनों बच्चे तालाब में कब गहरे पानी पर चले गए और डूब गए तालाब में मौजूद महिला को पता ही नहीं चला। यहां तक की महिला तालाब में बच्चों को बचाने का प्रयास भी नहीं किया तथा डूब जाने के बाद अपने 5 वर्ष के बच्चे को रतन सिंह के घर बताने के लिए भेजा। पुलिस इस मामले को संदेह की दृष्टि से भी देख रही है। मृत बच्चों का पिता रतन सिंह मेटाडोर वाहन में मजदूरी करता है। रतन ने बताया कि तालाब पहुंचे तो दोनों बच्चे एक साथ गहरे पानी में मिले उन्हें बाहर निकाल कर लाया और लोगों की मदद से सकरा स्वास्थ्य केंद्र ले गया जहां डॉक्टर ने मृत बताया फिर वहां से तुरंत जिला अस्पताल अनूपपुर बच्चों को लाकर डॉक्टर को दिखाया तो यहां पर भी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। माता पिता ने इस घटना में अपने दोनों बच्चों को खो दिए। पुलिस ने बच्चों के पोस्टमार्टम कराकर शव सुपुर्द कर दिया है।