subjects of project work not sent to school:digi desk/BHN/ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 2019 में नौवीं से 12वीं कक्षा तक विज्ञान को छोड़कर सभी विषयों में प्रोजेक्ट वर्क को लागू किया था। इसमें विज्ञान विषय को छोड़कर बाकी सभी विषयों में प्रोजेक्ट वर्क रखा गया है। इसमें 80 अंक की थ्योरी और 20 अंक का प्रोजेक्ट शामिल होता है। इसमें गणित, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत व उर्दू में भी प्रोजेक्ट वर्क शुरू किया गया है। इसके अलावा कॉमर्स में भी प्रोजेक्ट शुरू किया गया। हर साल प्रोजेक्ट का विषय माशिमं स्कूलों को भेजता है, लेकिन इस बार अब तक विषय नहीं भेजा गया। ऐसे में स्कूल अपने स्तर पर प्रोजेक्ट तैयार करवा रहे हैं। इस साल नौवीं से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं बीते 18 दिसंबर से शुरू हुई हैं। अभी 60 फीसद विद्यार्थी ही स्कूल आ रहे हैं। ऐसे में अब तक स्कूलों में प्रोजेक्ट वर्क शुरू नहीं हो पाया है। ज्ञात हो कि 30 अप्रैल से 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। वहीं, नौवीं और 11वीं की मार्च में वार्षिक परीक्षाएं होंगी।
प्रोजेक्ट के अंक स्कूल माशिमं को भेजता है
10वीं व 12वीं में प्रोजेक्ट वर्क कराकर विद्यार्थियों के अंक माशिमं स्कूल को भेजता है। इसमें तिमाही, छमाही और 12वीं परीक्षा के लिए पांच-पांच प्रोजेक्ट करने होते हैं। अभी छमाही परीक्षा ली जा रही है, लेकिन अब तक तिमाही के प्रोजेक्ट वर्क जमा नहीं कराए गए हैं।
10वीं में यह है व्यवस्था
- गणित- 80 अंक की थ्योरी व 15 अंक का प्रोजेक्ट, 5 अंक की नोटबुक।
- विज्ञान- 70 अंक की थ्योरी, 30 अंक का प्रैक्टिकल।
- सामाजिक विज्ञान- 80 की थ्योरी व 15 अंक का प्रोजेक्ट, नोटबुक 5 अंक की।
- हिंदी, अंग्रेजी व संस्कृत- 80 अंक की थ्योरी व 15 अंक का प्रोजेक्ट, नोटबुक 5 अंक की।
12वीं में ऐसे होती है गणना
- भौतिकी, रसायन व जीवविज्ञान- 70 की थ्योरी व 30 का प्रैक्टिकल।
- गणित – 100 अंक।
- कृषि, भूगोल, मनोविज्ञान व बायोटेक्नोलॉजी -70 अंक की थ्योरी व 30 का प्रैक्टिकल
- इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेस- 70 अंक की थ्योरी व 30 अंक का प्रैक्टिकल।
- होमसाइंस – 70 अंक की थ्योरी व 30 अंक का प्रैक्टिकल।
- पशुपालन, मुर्गीपालन व मत्स्यपालन- 70 अंक की थ्योरी व 30 का प्रैक्टिकल।
वाणिज्य में प्रोजेक्ट वर्क
- व्यावसायिक अध्ययन- 80 अंक की थ्योरी व 20 अंक का प्रोजेक्ट।
- व्यावसायिक अर्थशास्त्र 80 अंक की थ्योरी व 20 अंक का प्रोजेक्ट।
- बुक कीपिंग व अकाउंटिंग- 80 अंक की थ्योरी व 20 अंक का प्रोजेक्ट।