समय-सीमा प्रकरणों की बैठक संपन्न


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अनुराग वर्मा ने नये वर्ष की पहली टीएल बैठक में सोमवार को नववर्ष की अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए दुगुनी ऊर्जा से अपने कर्तव्यों के निर्वहन करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष 2023 में सभी विभागों ने बेहतर कार्य कर सतना जिले को टॉप टेन और टॉप फाइव की श्रेणी में रखा है। उन्होंने प्रत्येक विभाग प्रमुख अधिकारियों से उनके विभाग में नये वर्ष की प्राथमिकताएं, नवाचार और कार्य योजना की जानकारी लेते हुए उन्हें विभागीय टास्क भी दिए। सोमवार को संपन्न समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में सभी विभागों ने पिछले एक वर्ष में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ऋषि पवार, नगर निगम आयुक्त अभिषेक गहलोत, एसडीएम सुरेश गुप्ता, नीरज खरे, सुधीर बैक, एपी द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी, अधीक्षण यंत्री जीडी त्रिपाठी सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कहा कि सतना जिले में कुल 20 हजार 884 शिकायतें लंबित हो गई हैं। इनमें 11 हजार 182 शिकायतें दिसंबर माह में प्राप्त हुई हैं। सतना जिले की ग्रेडिंग में 12वां स्थान है। सभी विभाग प्रमुख सीएम हेल्पलाइन का निराकरण कर ग्रेडिंग में सुधार लाएं। उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों की समीक्षा में कहा कि सुनिश्चित करें जिन अधिकारियों को इन कार्यक्रमों में उपस्थित रहना है वह अनिवार्य रुप से उपस्थित रहकर दायित्वों का निवर्हन करें। विकसित भारत संकल्प यात्रा को अत्यंत गंभीरतापूर्वक संचालित करें और पोर्टल पर जानकारी उसी दिन फीड करायें। कलेक्टर ने कहा कि विकसित भारत यात्रा के हर कार्यक्रम की मॉनीटरिंग उच्च स्तर पर गंभीरता पूर्वक की जा रही है। अतः किसी भी प्रकार की शिथिलता कार्यक्रमों में नहीं दिखनी चाहिए।
कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा ने गत वर्ष विभिन्न विभागों की विशिष्ट उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए चालू वर्ष 2024 में विभागीय प्राथमिकतायें और नवाचार की जानकारी ली। एसडीएम सिटी नीरज खरे और एसके गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन में राजस्व विभाग के कार्यों में अनेक उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। एक दिन में 1553 सीमांकन प्रकरणों का फील्ड में जाकर निराकरण करने का एशियन बुक ऑफ द रिकॉर्ड और गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड में सतना जिले का नाम दर्ज हुआ है इस दिन कलेक्टर से लेकर कोटवार तक मैदान में रहे और सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण कराया। वर्ष 2024 में साइबर तहसील व्यवस्था लॉन्चिंग से राजस्व के कार्यों में गुणवत्ता में सुधार आएगा। जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी ने बताया कि जिले में इस शैक्षणिक सत्र में वार्षिक परीक्षा परिणामों और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के प्रयास किये जा रहे हैं। जिला रजिस्ट्रार डॉ कीर्ति सिंह ने बताया कि साइबर तहसील व्यवस्था में पंजीयन कार्य भी आसान होंगे।
जिला आयुष अधिकारी डॉ नरेंद्र पटेल ने बताया कि गत वर्ष जिले में 11 नये हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित हुए हैं। हर डिस्पेंसरी में हर्बल गार्डन विकसित किये जा रहे हैं। योगा सेशन भी प्रतिदिन आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले का खरवाही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पूरे मध्यप्रदेश में आयुष विभाग ने अच्छा बताया है। जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम ने कहा कि आबकारी राजस्व अर्जित करने में सतना जिला टॉप फाइव में रहा है। अवैध मदिरा, परिवहन, उत्पादन, भंडारण की रोकथाम की कार्यवाही में जिला अव्वल रहा है।
जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम अंजुला झा ने बताया कि ग्रामीण आजीविका परियोजना में स्व-सहायता समूह को आत्मनिर्भर बनाने और महिलाओं को समूह से जोड़ने के काम में सतना जिला टॉप फाइव जिलों में शामिल है। राज्य स्तर पर सतना जिले को प्रशंसा पत्र भी दिया गया है। नये वर्ष में जिले की प्रत्येक पात्र महिला को स्व-सहायता समूह में जोड़ने से वंचित नहीं रहने दिया जायेगा। कलेक्टर ने कहा की स्व-सहायता समूहों को खरीदी केंद्र चलाने में सक्षम बनाने उन्हें और प्रशिक्षित करें। प्राचार्य शिवेश सिंह ने बताया कि महाविद्यालयीन शिक्षा में नई शिक्षा नीति का क्रियान्वयन मजबूती से किया जाएगा। उप वनमंडलाधिकारी ने बताया कि जिले की 10 रेंज में 12 हजार हेक्टेयर वन क्षेत्र में 7 लाख पौधे रोपे गए हैं। सतना जिला टॉप फाइव जिलों में शामिल है।
लोक निर्माण विभाग के बारे में कलेक्टर ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान विभाग की टीम ने विशेषकर मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं में अच्छा कार्य किया है। अधीक्षण यंत्री विद्युत जीडी त्रिपाठी ने बताया कि राजस्व के संग्रहण में थोड़ी कठिनाई रही। जिले में एग्रीकल्चर सेक्टर की विद्युत आपूर्ति अनमीटर होती है। वर्षा कम होने से विद्युत की खपत सिंचाई में ज्यादा रही। गुजरे साल एक माह में 34 करोड़ यूनिट विद्युत की आपूर्ति का रिकॉर्ड भी बना है। जिले के एग्रीकल्चर फीडर अलग बनाकर निर्धारित 10 घंटे किसानों को बिजली दी जाएगी।
कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिले में मोटे अनाज, दलहन, तिलहन का रकबा बढ़ाया गया है। 53 बीज ग्राम भी बनाए गए हैं। जल संसाधन कार्यपालन यंत्री आरएस नट ने बताया कि गत वर्ष 9625 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता की योजनाओं के टेंडर हुए हैं। इस वर्ष 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में माइक्रो इरिगेशन से सिंचाई का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। प्राचार्य आईटीआई ने बताया कि मझगवां में दो और सभी विकासखंड में एक-एक आईटीआई चल रही है। सतना आईटीआई के लिए नई बिल्डिंग प्रस्तावित है। आईटीआई ट्रेड में 70 से 80 प्रतिशत प्लेसमेंट हो रहा है। एलडीएम ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन में वित्त विभाग हमेशा ‘ए’ ग्रेड में रहा है। इस वर्ष अंत्यावसायी और ट्राइबल की स्व-रोजगार योजनाओं में प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया की गत वर्ष स्वास्थ्य विभाग सतना को अनेक अवार्ड मिले हैं। वर्ष 2020-21 की अपेक्षा अब तक स्वास्थ्य सूचकांकों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। 9 संजीवनी हॉस्पिटल जिले में चल रहे हैं। डॉक्टरों की उपस्थिति मुख्यालय में सुनिश्चित करने जनवरी माह से एप आधारित उपस्थिति ली जाएगी। सिविल सर्जन डॉ केएल सूर्यवंशी ने बताया कि जिला चिकित्सालय में मेडिकल कॉलेज के सर्जनों की सेवाएं भी उपलब्ध हुई हैं। एनेस्थीसिया के डॉक्टरों की पूर्ति के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टरों की सेवाएं लेने के नवाचार मॉडल को अब प्रदेश में भी अपनाया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की उपस्थिति, बाहर के एंबुलेंस और मरीज ले जाने वाले तत्वों पर कार्यवाही तथा साफ-सफाई व्यवस्था टास्क में लिए गए हैं। खनिज अधिकारी ने बताया कि विभागीय लक्ष्य 250 करोड़ के विरुद्ध 208 करोड़ संग्रहित हुए हैं। अब यह लक्षण 290 करोड़ कर दिया है। महाप्रबंधक उद्योग ने बताया कि मटेहना में 1994 में औद्योगिक क्षेत्र मिला था। जिसमें अब 60 औद्योगिक प्लॉट विकसित किये जा रहे हैं। उचेहरा और कोठी में चयनित प्रौद्योगिकी प्रक्षेत्र में लगभग 100 प्लॉट आवंटित किए जाएंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास सौरभ सिंह ने बताया कि 7 सितंबर 2022 से पहले बच्चों को दत्तक गृहण फैमिली कोर्ट के माध्यम से कराए जाते थे। यह अधिकार जिला कलेक्टर के पास आने पर अब तक जिले से सुयोग्य अभिभावकों को 26 बच्चे दत्तक गृहण कराये जा चुके हैं। खाद्य अधिकारी नागेंद्र सिंह ने जिले में धान खरीदी केंद्रों एवं उपार्जन कार्य की जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि जिले में धान खरीदी केंद्रों का सतत रुप से निरीक्षण खाद्य, नागरिक आपूर्ति, सहकारिता, आजीविका मिशन के अधिकारी करें। धान खरीदी केंद्र के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्यवाही से गुरेज नहीं करें। कलेक्टर ने कहा कि आगामी माहों में लोकसभा निर्वाचन की तैयारियां और चुनाव होंगे। मतदाता सूची को शुद्ध बनाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची जितनी शुद्ध और सटीक होगी, निर्वाचन उतना ही स्मूथ होता है। कलेक्टर ने विधानसभा चुनाव 2023 शांतिपूर्ण, विधि-सम्यक, निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सभी अधिकारियों की मेहनत की सराहना करते हुए इसी ऊर्जा और उत्साह से लोकसभा निर्वाचन में भी अपने दायित्वों के निर्वहन की अपेक्षा की।
राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से हुई कार्यालयीन कामकाज की शुरुआत
जनवरी माह के प्रथम शासकीय कार्य दिवस पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार सतना में कलेक्टर अनुराग वर्मा की उपस्थिति में राष्ट्र-गीत “वंदे-मातरम“ एवं राष्ट्र-गान “जन-गण-मन“ का सामूहिक गायन हुआ। सामूहिक गायन में अपर कलेक्टर ऋषि पवार, आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलोत, डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी, एसडीएम नीरज खरे, एसके गुप्ता, एपी द्विवेदी, सुधीर बैक, सेवानिवृत्त उपयंत्री अरुण भारतीय सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।