सीईओ एमपी ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिये जिलों के अधिकारियों से की बात

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को विधानसभा निर्वाचन 2023 के दौरान हुए अनुभवों, निर्वाचन में विभिन्न प्रकार की आई समस्याओं तथा उनके निराकरण के लिए सुझाव साझा करने वीडियो कान्फ्रेंसिंग संपन्न हुई। जिसमें प्रदेश के सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने अनुभव और सुझावों को साझा किया। सतना जिले से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि पवार, इलेक्शन सुपरवाइजर द्वारिकेंद्र सिंह, सहायक संचालक श्याम किशोर द्विवेदी उपस्थित रहे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नोडल अधिकारी स्वीप डॉ परीक्षित झाड़े ने बताया कि सतना जिले में विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान नवाचार के रुप में ली गई गतिविधियों से अनेक मतदान केंद्रों में 5 से 10 प्रतिशत औसत मत-प्रतिशत में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। उन्होने डाक मतपत्र के लिये फेसिलिटेशन सेंटर के प्रबंधों की जानकारी में बताया कि कर्मचारियों के कार्मिक डाटाबेस में इपिक कार्ड, मतदाता सूची भाग संख्या और सरल संख्या का उल्लेख पूर्व से ही करने से डाक मतपत्रों के रिजेक्शन की संभावनायें शून्य कर दी गईं थी। वहीं कर्मचारियों के सत्यापन के लिये मास्टर ट्रेनर्स को ही गैजेटेड अधिकारी के रुप में सत्यापन अधिकारी बनाये जाने से सत्यापन का कार्य भी आसान हो गया था। सीईओ जिला पंचायत ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सतना जिले में किये गये नवाचार और विधानसभा चुनाव में ईटीपीबीएस, पोस्टल बैलेट, फेसिलिटेशन सेंटर, एमसीएमसी, इनकोर पोर्टल को और सुविधाजनक बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये।
नगरीय निकाय एवं पंचायत उप निर्वाचन का कार्यक्रम जारी
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं पंचायतों के उप निर्वाचन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मतदान 5 जनवरी, 2024 को होगा। सचिव राज्य निर्वाचन आयोग अभिषेक सिंह ने जानकारी दी है कि निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने का कार्य 15 दिसम्बर 2023 से शुरू होगा। नाम निर्देशन-पत्र 22 दिसम्बर तक लिये जायेंगे। नाम निर्देशन-पत्रों की जांच 23 दिसम्बर को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 26 दिसम्बर है। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन होगा। पंचायतों में मतदान 5 जनवरी, 2024 को सुबह 7 से अपरान्ह 3 बजे तक और नगरीय निकायों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा।
नगरीय निकायों की मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 9 जनवरी को सुबह 9 बजे से होगी। पंचायत उप निर्वाचन में पंचायत पद के लिये मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र में ही होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की ईव्हीएम में की जाने वाली मतगणना 9 जनवरी को संबंधित विकासखण्ड मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से की जायेगी। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन परिणामों की घोषणा 9 जनवरी और जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम की घोषणा 11 जनवरी को की जायेगी।
उल्लेखनीय है कि 9 हजार 220 पंच, 56 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य और एक जिला पंचायत सदस्य के लिये उप निर्वाचन होगा। इसी तरह विभिन्न नगरीय निकायों में 21 पार्षद पद के लिये उप निर्वाचन होना है।
Bhaskar Hindi News