घर बनाने के विवाद पर मारी कुल्हाड़ी
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले के सभापुर थाना अंतर्गत बांधी गांव में भाई ने भाई की हत्या कर दी। इस घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, सभापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बांधी में भाई ने जमीनी विवाद को लेकर कुल्हाड़ी मार कर अपने भाई की हत्या कर दी। मृतक की पहचान अशोक डोहर के रूप में हुई है जबकि आरोपी का नाम राजेश डोहर बताया जाता है। बताया गया कि मृतक अशोक डोहर का सगा भाई राजेश डोहर अपने घर का निर्माण करवा रहा है। राजेश अपने घर पर ढलाई के लिए शटरिंग लगवा रहा था। इस पर अशोक ने आपत्ति जताई लेकिन जब बात नहीं बनी तो वह बांस-बल्ली हटाने खुद ही राजेश के घर जा पहुंचा। वह लकडिय़ां हटा ही रहा था कि इसी बीच राजेश की पत्नी सुनीता वहां आ गई और उसने अशोक को ऐसा करने से मना किया।
नोक-झोंक से हुई शुरूआत
अशोक ने इस दौरान हुई नोक झोंक के बीच एक लकड़ी उठाकर सुनीता के सिर पर मार दी। जिसके बाद सुनीता ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर राजेश और गांव के अन्य लोग दौड़ कर वहां पहुंच गए।
आरोपी भाई गिरफतार
अशोक और राजेश आपस मे उलझ पड़े और इसी दौरान राजेश ने अपने भाई अशोक पर कुल्हाड़ी से दनादन कई वार कर दिए। जिससे अशोक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची सभापुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू करते हुए राजेश डोहर को गिरफ्तार कर लिया।