

भगवान गणेश और लक्ष्मी जी की घर-घर में हुई पूजा-अर्चना
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ दीपावली का पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। देर रात्रि तक आसमान में आतिशबाजी की गूंज सुनाई देती रही। घर-घर में भगवान गणेश और लक्ष्मी जी की पूजा अर्चना की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस फोर्स तैनात रहे। धनतेरस के साथ ही शुरू हुए दीपावली महोत्सव में रविवार देर रात्रि तक पटाखे फोड़े गए। सुबह से ही घरों में साफ सफाई के साथ ही साज सज्जा का कार्यक्रम चलता रहा। बाजार में मिठाई, फूल और सोने चांदी की दुकानों पर खरीदारी करने वालों की भीड़ लगी रही। शाम को घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना की गई। उसके बाद बच्चों के अलावा महिलाओं और पुरुषों ने भी पटाखे फोड़ कर दीपावली का जश्न मनाया।
जगमगाता रहा शहर
झिल मिलाती रंग बिरंगी विद्युत झालरों के बीच पूरा शहर जगमगा रहा था। आसमान में रंग बिरंगी रोशनी दीपावली के जश्न में चार चांद लग रही थी। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों ने एक दूसरे को इस त्यौहार की बधाई दी। असामाजिक तत्वों के द्वारा त्यौहार की शांति में किसी प्रकार का कोई व्यवधान न डाल सके। इसे लेकर जगह-जगह पुलिस फोर्स भी लगाया गया था। लोगों ने अपने परिवार सहित इस त्यौहार को मनाया। देवी के मंदिरों पर पूजा अर्चना करने के लिए भी श्रद्धालु पहुंचे।

बाजार में उमड़ी भीड़
बाजार में त्यौहारी भीड़ नजर आई थी। जिसके बाद दीपावली के दिन तो खरीददारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने जमकर त्यौहारी खरीदारी की। कपड़ा बाजार, पटाखा बाजार, सराफा बाजार, आटोमाबाइल, इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रानिक्स हर जगह ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दीपावली के दिन बाजार में रौनक नजर नजर आने से व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए नजर आए।
परीवा में रहा सन्नाटा
दीपावली पर्व के दूसरें दिन परीवा में बाजार क्षेत्र में सन्नाटा देखने को मिला, जहां प्रतिष्ठान बंद रहे वहीं परिवहन सुविधाओं के पहिए भी थमे नजर आए। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में गौवर्धन पूजा भी की गई। वहीं आज भाई दूज का पर्व भी मनाया जाएगा।
चाक-चौबंद रही व्यवस्था
चुनावी माहौल के मध्य दीवापली पर्व को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद रहा। पुलिस का पहरा भी सख्त रहा, इसके साथ ही जिले के बाहर आने-जाने वालों पर पैनी निगाहें रही और वाहनों को चेक किया जाता रहा। हालाकि दीपावली पर्व के दौरान लगभग शांति का माहौल रहा।