
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ रीवा मार्ग पर कारगिल ढाबा के पास एक बल्कर ने चुनाव ड्यूटी से लौट रहे कर्मचारी को रौंद दिया। हादसे में कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है। उधर, दो बाइकों की भिड़ंत में भी एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सतना शहर के बाहरी छोर पर कोलगवां थाना अंतर्गत स्थित कारगिल ढाबा के पास बुधवार की दोपहर बल्कर से दबकर चुनाव ड्यूटी से लौट रहे एक शासकीय कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान बृजवासी लाल मिश्रा पिता स्व. दशरथ प्रसाद मिश्रा (50) निवासी मसमासी रामनगर के रूप में हुई है। मृतक सिंचाई विभाग में श्रमिक के तौर पर कार्यरत था। उसकी चुनाव ड्यूटी लगी थी। बुधवार को सतना के जल संसाधन कार्यालय में इसी सिलसिले में मीटिंग बुलाई गई थी। जिसमे शामिल होने वह अपने बेटे रविकांत उर्फ संजीव मिश्रा (23) के साथ बाइक से सतना आया था। मीटिंग के बाद पिता पुत्र दोनों बाइक पर सवार हो कर वापस अपने घर जा रहे थे। कारगिल ढाबा के पास बल्कर ने बगल से टक्कर मार दी। जिससे बाइक समेत पिता पुत्र नीचे गिर पड़े। बृजवासी लाल उसके पहिए के नीचे जा गिरे और बल्कर के पहिए उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गए। जबकि रविकांत कुछ दूरी पर जा पड़ा। बृजवासी लाल की मौके पर ही मौत हो गई। रविकांत को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत
शहर के समीपी ग्राम कैमा में भी बुधवार की दोपहर दो बाइकों की आपस मे हुई भिड़ंत एक युवक की मौत का सबब बन गई। मृतक की पहचान अजीत सिंह पिता रामकेश सिंह (26) निवासी खम्हरिया जैतवारा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक कल गांव से दशहरे का मेला देखने सतना आया था। वह रात में बरदाडीह में अपने चाचा सुरेंद्र प्रताप सिंह के घर पर रुक गया था। बुधवार को चाचा भतीजा दोनों अलग-अलग बाइकों से गांव जा रहे थे। कैमा के पास पीछे से आ रही बाइक ने अजीत की बाइक को टक्कर मार दी।