सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ बीते दिन स्टेट GST के टैक्स इंस्पेक्टर को घूस लेते पकड़ने के 24 घंटे के अंदर ही लोकायुक्त टीम ने मैहर जनपद पंचायत में ग्रामीण यांत्रिका विभाग के SDO 20 हजार रुपए लेते रंगे हाथ दबोच लिया।

लोकायुक्त रीवा की टीम ने गुरुवार को जनपद पंचायत मैहर के कार्यालय में दबिश दी। ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा (RES) के एसडीओ गिरीश कुमार मिश्रा को ट्रैप किया। एसडीओ ने रिश्वत की यह रकम अमृत सरोवर तालाब के 2 लाख रुपए के बिल भुगतान के एवज में ठेकेदार सुरेश प्रसाद गुप्ता निवासी ग्राम घुरवाई तहसील मैहर से ली थी।
बताया जाता है कि सुरेश प्रसाद के अमृत सरोवर तालाब निर्माण के कार्य के संबंध में 2 लाख रुपए की राशि का भुगतान लंबित था। उससे पेमेंट के लिए 10 फीसदी राशि बतौर रिश्वत मांगी गई। सुरेश ने इसकी शिकायत लोकायुक्त एसपी गोपाल सिंह धाकड़ से की थी। शिकायत की तस्दीक के बाद लोकायुक्त टीम गुरुवार को मैहर पहुंची। एसडीओ ने सुरेश प्रसाद को रकम देने के लिए जनपद पंचायत कार्यालय बुलाया था। जैसे उसने रिश्वत की रकम एसडीओ को दी। टीम ने दबिश दे दी।
लोकायुक्त टीम को सामने देख रिश्वतखोर एसडीओ के होश फाख्ता हो गए। ट्रैप दल इंस्पेक्टर जियाउल हक के नेतृत्व में कार्यवाही करने पहुंचा था। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि बुधवार को लोकायुक्त टीम ने सतना की कृषि उपज मंडी के पास से स्टेट जीएसटी के टैक्स इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता को 2 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
Bhaskar Hindi News