Wednesday , June 26 2024
Breaking News

सतना शहर व ग्रामीण अंचल में लापता तेंदुए की दहशत, किया बछड़े का शिकार, हाटी में हाइना होने की आशंका

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ शहर और समीपी गांवों में इन दिनों वन्यप्राणियों की धमक से लोगों दहशत में हैं। वन विभाग को छकाते हुए पिछले कई दिनों से सतना शहर में धमाचौकड़ी मचा रहे तेंदुए ने गुरुवार को एक बछड़े का शिकार किया, जबकि शहर के पास ही गांधी ग्राम में भी एक वन्य प्राणी ने गोवंश को अपना निवाला बना लिया। हाटी में हाइना होने की आशंका जताई जा रही है।

शहर की बांधवगढ़ कॉलोनी, मथुरा बस्ती और कृष्ण नगर में देखे जा चुके वयस्क तेंदुए को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है। पिछले 6 दिनों से तेंदुआ शहर में ही घूम रहा है। हालांकि वन विभाग की टीम लगातार उस पर नजर रखने और उसे पकड़ने की कोशिश कर रही है लेकिन अभी तक वन अमले के साथ सिर्फ नाकामी ही आई है। इधर वन अमला तेंदुए को पकड़ने की तरकीबें तलाश रहा है तो उधर पिछले कई दिनों से वन अमले को छका रहे तेंदुए ने गुरुवार को एक बछड़े का शिकार कर अपनी भूख मिटा ली है।

बुधवार की शाम तक कृष्ण नगर और आदर्श नगर हवाई पट्टी के इलाके में छिपा बैठा रहा तेंदुआ गुरुवार को डेलौरा बाइपास जा पहुंचा। जहां उसने एक गोवंश का शिकार कर लिया। आसपास ही उसके ताजे पगमार्क भी मिले हैं। वन अमला भी अब पिंजरा लेकर वहां पहुंच गया है।

गांधी ग्राम में भी गोवंश का शिकार

इधर तेंदुआ वन विभाग की मुसीबत और आमलोगों के बीच खौफ का सबब बना हुआ है तो उधर रामपुर चौरासी के गांधी ग्राम से आई एक खबर ने वन अमले की परेशानी और बढा दी है। गांधी ग्राम में वन्य प्राणी ने राजा साकेत के घर पर बंधे गोवंश को अपना निवाला बना लिया है। उसने गोवंश को गर्दन के पास से दबोचा और अपना पेट भर कर वहां से निकल गया। वन अमले ने गांधी ग्राम में शिकार करने वाले वन्य प्राणी की तलाश भी शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि वहां लकड़बग्घा है।

चिकन रख कर दावत दी फिर भी नहीं आया तेंदुआ

शहर में घूम रहे तेंदुए को पकड़ने की हर मुमकिन कोशिश में लगी सतना वन मंडल और मुकुंदपुर टाइगर सफारी की टीम ने बुधवार को तेंदुए को दावत भी दी लेकिन वह जाल में फंसने नहीं आया। बुधवार को शहर के आदर्श नगर क्षेत्र में स्वर्ण पैलेस के पीछे तेंदुए की लोकेशन उसके पगमार्को के जरिए मिली थी। लिहाजा टीम ने 6 किलो चिकन का इंतजाम किया और उसे रख कर तेंदुए के आने का इंतजार करने लगी। प्रयास ये था कि तेंदुआ चिकन खाने आएगा तभी उसे ट्रैंकुलाइज कर दिया जाएगा लेकिन चिकन की महक तेंदुए को आकर्षित नहीं कर पाई। उसने शहर में अपना पहला शिकार डेलौरा बाइपास पर कर लिया।

About rishi pandit

Check Also

Satna: जनसुनवाई में 75 प्रकरणों की हुई सुनवाई

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अनुराग वर्मा के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित मंगलवार की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *