सतना, भास्कर हिंदी न्यूज/ जिले की बिरसिंहपुर तहसील के प्रभारी तहसीलदार की तिरंगा यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद रविवार को मौत हो गई। वे तिरंगा यात्रा में शामिल थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी। जानकारी के मुताबिक बिरसिंहपुर तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार पटेल (56) की रविवार को तिरंगा यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। वे सीधी जिले के ग्राम पड़रिया थाना कमरजी के रहने वाले थे। उन्हें चार महीने पहले राजस्व निरीक्षक से पदोन्नत कर नायब तहसीलदार बनाया गया था, और सीधी से सतना स्थानांतरित किया गया था। सतना कलेक्ट्रेट के अधीक्षक भू-अभिलेख शाखा में उन्होंने आमद दी थी। जहां से 8 अगस्त को उन्हें बिरसिंहपुर तहसील का प्रभारी बना कर भेजा था। शुक्रवार को ही बिरसिंहपुर मे वेलकम पार्टी रखी गई थी, जिसमें वे शामिल हुए थे।
डेढ़ किमी पैदल चलने के बाद सीढ़ियां चढ़े थे
रविवार को बिरसिंहपुर कस्बे में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। जिसमें तहसीलदार शामिल हुए थे। लगभग डेढ़ किमी पैदल चलने के बाद वे नगर परिषद की सीढ़ियां चढ़कर ऊपर गए और फिर वहां से उतर कर नीचे विजय ज्वेलर्स नाम की दुकान के पास कुर्सी पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्मी लग रही है लिहाजा कूलर उनकी तरफ घुमाया गया। यहीं बैठे बैठे वे अचेत हो गए।
आनन-फानन में उन्हें एंबुलेंस से सतना के बिरला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कलेक्टर अनुराग वर्मा, एडीएम ऋषि पवार, निगमायुक्त अभिषेक गहलोत, एसडीएम सिटी नीरज खरे तथा मझगवां एसडीएम जितेंद्र वर्मा समेत तमाम अधिकारी कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। बिरला अस्पताल से शव को जिला अस्पताल लाया गया है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। एसडीएम सिटी नीरज खरे ने बताया कि रात में ही पोस्टमॉर्टम का इंतजाम कराया है। शव को उनके गृह ग्राम ले जाने के लिए एंबुलेंस का भी प्रबंध कर दिया है। इस दुख की घड़ी में सतना जिला प्रशासन उनके परिवार के साथ है।
हार्ट का ऑपरेशन हुआ था
नायब तहसीलदार सीधी से सतना आने के बाद से यहां कोलगवां मोहल्ले में अपने रिश्ते के मामा लाल बहादुर पटेल के यहां रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और 6 बेटियां है जिनमे से 4 की शादी हो चुकी है। एक बेटी सीधी में ही स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है जबकि एक अभी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। मृतक के मामा लाल बहादुर पटेल ने बताया कि उन्हें दिल की बीमारी थी। उनके हार्ट का ऑपरेशन हुआ था और पेस मेकर लगा था। इसलिए ही वे उन्हें सीधी से सतना आने के बाद कहीं कमरा लेकर रहने नहीं देते थे। उन्हें अपने घर मे ही रखा था ताकि उनकी देखभाल की जा सके।
Bhaskar Hindi News
