Friday , May 3 2024
Breaking News

Satna: कांग्रेस उपाध्यक्ष दामोदर राव ने सतना कलेक्टर और निगमायुक्त को कहा नालायक..!

निवाड़ी/सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ संघ के कार्यक्रम में सतना कलेक्टर और निगमायुक्त के शामिल होने और ध्वज प्रणाम को लेकर मचा बवाल थमता नजर नहीं आ रहा. बीते दिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद विवेक तन्खा ने सतना कलेक्टर एवं निगमायुक्त के संघ के कर्यक्रम में शामिल होने पर ट्वीट कर सवाल उठाये थे जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी तीखी टिप्पणी की थी. सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और निवाड़ी जिले के प्रभारी दामोदर यादव ने सतना कलेक्टर और निगम कमिश्नर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए दोनों अधिकरियों का नालायक कह डाला। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कहा कि प्रदेश में सरकार आने पर ऐसे अधिकारियों को सबक सिखाएंगे। श्री यादव सोमवार को निवाड़ी में कांग्रेस की कमलनाथ यात्रा के दौरान पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। दामोदर इस यात्रा के भी प्रभारी हैं।

कांग्रेस नेता ने कलेक्टर अनुराग वर्मा और नगर निगम आयुक्त राजेश शाही के एक फोटो को लेकर विरोध जताया। इस फोटो में दोनों अफसर सतना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रम में प्रणाम करते दिखाई दे रहे हैं। दामोदर यादव ने मोबाइल में यह फोटो दिखाते हुए कहा यह कल सतना में हुए आरएसएस के कार्यक्रम का फोटो है। दोनों अफसर आरएसएस के ध्वज को प्रणाम कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों को मैं नालायक नहीं कहूं तो क्या कहूं। ऐसे अधिकारी नालायक ही हैं। शपथ लेकर जनता की सेवा के लिए बैठे हैं, जनता के पैसे से पगार लेते हैं और किसकी बजा रहे हैं आरएसएस की।

प्रदेश में सरकार आने पर सिखाएंगे सबक

दामोदर यादव ने कहा कि ऐसे अधिकारियों को तो समझाना पड़ेगा। कमलनाथ और हमारी पार्टी के नेता तभी बोलते हैं जब अति हो जाती है। ये अति कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों को हम हमारी सरकार आने के बाद सबक सिखाएंगे।

गृहमंत्री और विधायक को कहा- मच्छर

गृहमंत्री और लोकल विधायक ने भय का वातावरण बनाया है। कांग्रेस वो पार्टी है जो भारत को आजाद कराने के लिए अंग्रेजों से नहीं डरी, तो इन मच्छरों से क्या डरेगी। इसलिए मैं इनको मच्छर कह देता हूं। मैं मानता हूं कि जनता की ताकत के सामने ये सब मच्छर ही हैं।

सांसद विवेक तन्खा भी जता चुके हैं विरोध

इससे पहले कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने रविवार को ट्विटर पर यह तस्वीर शेयर की। इसमें सतना कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त RSS के सदस्यों के साथ ध्वज प्रणाम करने की मुद्रा में खड़े दिख रहे हैं। सांसद ने लिखा- सतना में RSS के कार्यक्रम में शामिल होकर ध्वज प्रणाम करने की तस्वीर सतना कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त की है! ऐसे रिश्तों से लोक अधिकारी निष्पक्ष चुनाव कैसे करा पाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग ऐसे सभी अधिकारियों को चुनाव संबंधित तैयारियों से दूर रखें।

राजनीति की तो सितारे गर्दिश में आएंगे

तन्खा ने आगे लिखा- मध्यप्रदेश के चीफ सेक्रेटरी से अपेक्षा है कि ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करें। क्या CS ऐसा करेंगे? उनको रिटायरमेंट के पश्चात दूसरा एक्सटेंशन दिया गया है। राज्य की 8 करोड़ जनता अधिकारियों से निष्पक्षता की अपेक्षा करती है। जो अधिकारी राजनीति करेंगे, उनके सितारे गर्दिश में जरूर जाएंगे।

दिग्विजय बोले- भाजपा ने संवैधानिक व्यवस्था को बर्बाद कर दिया

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने विवेक तन्खा के ट्वीट को रिट्वीट किया। उन्होंने लिखा- भाजपा ने पूरी संवैधानिक व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। मुख्य सचिव महोदय, आप से तो हमें कोई उम्मीद नहीं है। फिर भी देखते हैं कि आप कितने निष्पक्ष हैं।

About rishi pandit

Check Also

Panna: लोकायुक्त की कार्रवाई, अमानगंज नगर परिषद की अध्यक्ष सारिका 30 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

पन्ना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ पन्ना जिले में रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *