Friday , May 3 2024
Breaking News

Satna: राम वन गमन पथ की परियोजना साकार करेगी सरकार-गणेश सिंह


चित्रकूट में सांसद ने श्रीराम वन संस्कृति बन के निर्माण की रखी आधारशिला


     सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ सांसद गणेश सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम की तपोस्थली की पवित्र भूमि चित्रकूट में रामवन गमन पथ की परियोजना को साकार रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर चित्रकूट के रजौला में 8 हेक्टेयर भूमि में श्रीरामवन (संस्कृति वन) के निर्माण की आधारशिला रखी जा रही है सांसद श्री सिंह सोमवार को श्रीराम वन के निर्माण कार्यों के भूमि पूजन एवं वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
      सांसद श्री सिंह ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरा विश्व चिंतित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेरिस में पर्यावरण संरक्षण के संदेश को पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। केंद्र सरकार ने पूरे देश में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने और संरक्षण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं का क्रियान्वयन किया है। उज्जवला जैसी योजना और पराली तथा कोयले के उत्सर्जन को रोकने कारगर तरीके से पर्यावरण सुधार के प्रयास भी हुए हैं। सांसद ने कहा कि हमारे देश में 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में अभी भी वृक्ष हैं। आगामी 5 वर्षों में इसे और बढ़ाना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान प्रतिदिन पेड़ लगाकर राज्य के 8 करोड़ लोगों को पर्यावरण सुधार का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना आसान है लेकिन उनका संरक्षण अत्यंत जरूरी है।
     सांसद श्री सिंह ने कहा कि चित्रकूट की पवित्र पुनीत धरती पर पर्यावरण दिवस पर श्रीरामवन (संस्कृति वन) की आधारशिला रखी गई है। यहां 8 हेक्टेयर के विशाल भूखंड में पर्यावरणीय, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक महत्व की वाटिकायें, बनेगी। इनमें नवग्रह वन पंचवटी वन, नक्षत्र वन, अशोक वाटिका, रामलला वाटिका, सीता रसोई निचलें स्थानों पर जलाशय तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं एवं पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। सांसद श्री सिंह ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के 4 स्थानों भोपाल, उज्जैन, खजुराहो और चित्रकूट में 12 करोड रुपए की लागत से वाटिकायें बनाई जा रही हैं। कार्य की एजेंसी वन विभाग को बनाया गया है। सांसद श्री सिंह ने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक रामवन पथगमन मार्ग राज्य सरकार द्वारा नए सिरे से 84 कोशीय परिक्रमा के महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़ते हुए अमरकंटक तक पूरा मार्ग बनाएगी। इस वन गमन मार्ग पर भगवान श्रीराम से जुड़े हुए प्रमुख सभी तीर्थ भी जोड़े जाएंगे। सांसद श्री सिंह ने कहा कि श्रीराम वन और राम पथ वन गमन मार्ग के निर्माण में चित्रकूट की प्राकृतिक सुंदरता को बनाये रखा जाएगा। इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने शिला पट्टिका का अनावरण एवं वृक्षारोपण कर श्री राम बन के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। इस मौके पर कामदगिरि कामतानाथ के महंत मदन दास जी महाराज, डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल, उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, एसडीएम जितेन्द्र वर्मा भी उपस्थित थे।

पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु आनलाईन आवेदन 15 जून तक

सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण ने बताया कि नवीन पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का वितरण mptaasc portal के माध्यम से किया जा रहा है। सत्र 2021-22 हेतु पोर्टल बन्द हो चुका था। जो अब पुनः सत्र 2021-22 एवं 2022-23 नवीन आवेदनों हेतु 15 जून 2023 तक खोला गया है।
अधिष्ठाता, नोडल प्राचार्य (समस्त), विश्वविद्यालय महाविद्यालय, तकनीकी एवं प्रशिक्षण संस्थायें को निर्देशित किया गया है कि सत्र 2021-22 के नवीन ऐसे विद्यार्थी जो किसी कारणवश आनलाईन आवेदन नहीं कर पाये थे एवं सत्र 2022-23 के शेष विद्यार्थियों का आनलाईन आवेदन निर्धारित समयावधि में भरवाकर संस्था में जमा करायें। उक्त अवधि के पश्चात यदि कोई विद्यार्थी आनलाईन आवेदन करने से वंचित रहता है तो इस हेतु छात्र एवं संस्था प्रमुख स्वतः जवाबदार होंगे। संस्था प्रमुख संस्था में अध्ययनरत कोई विद्यार्थी आवेदन हेतु शेष नहीं है के परिपेक्ष में प्रमाण पत्र 15 जून के पश्चात सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्टर ने किया वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सोमवार को जन अभियान परिषद के तत्वावधान में कलेक्टर निवास के सामने वाटिका में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में कलेक्टर अनुराग वर्मा ने पौधरोपण किया। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. परीक्षित झाड़े, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संजय श्रीवास्तव, रमाकांत शुक्ला, राजेश तिवारी, प्रो. क्रांति मिश्रा सहित जन अभियान परिषद के वालंटियर ने भी पौधरोपण किया।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने 3 करोड़ 32 लाख लागत की 3 सड़कों का किया भूमिपूजन


 प्रदेश के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), विमुक्त घुमन्तु एवं अर्ध घुमन्तु, जनजाति कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने सोमवार को अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा स्वीकृत लगभग 3 करोड़ 32 लाख रूपये लागत से बनने वाली 3 सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
       राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि क्षेत्र में 5 मुख्य ग्रामीण सड़कों को स्वीकृत कराया गया है। इनमें 3 सड़कों का भूमिपूजन किया जा रहा है। जिनमें खरमसेड़ा बड़ा टोला खम्बा तालाब से पडुआहार, खरमसेड़ा बगिया मोड़ से पडुआहार तथा खरमसेड़ा अहिरान टोला से पहाड़ पहुंच मार्ग के भूमिपूजन किया गया। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश में पक्की सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पक्की सड़के बनने से ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और बरसात के समय भी यातायात जारी रह सकेगा। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाये रखे और मानसून के पहले मिट्टी के कच्चे कार्यों को पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 4 लाख किमी सड़क बनाई गई है। अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र में 26 सड़कों को और स्वीकृत कराने के प्रयास किये जा रहे हैं।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 80 गौवंश से भरा कंटेनर पुलिस ने पकड़ा, ड्राइवर-क्लीनर भागे

एनएच-30 पर बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई मैहर, भास्कर हिंदी न्यूज़/ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *