जनसुनवाई में 58 आवेदकों के प्रकरणों की हुई सुनवाई

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मैहर विकासखंड के ग्राम सोनवारी की 21 वर्षीय रजनी चौधरी मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंची। अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह को अपनी पीडा सुनाते हुए रजनी ने बताया कि वह हार्ट की बीमारी से पीडित है। आयुष्मान कार्ड के जरिए जबलपुर में आपरेशन सहित बीमारी का निःशुल्क इलाज हो गया है। लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से अब महंगी दवाई खरीदने के लिए पैसे नहीं है। अपर कलेक्टर ने रजनी की समस्या को गम्भीरता से लिया। जनसुनवाई में मौजूद कर्मचारी से मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के लिए रजनी का आवेदन लिखवाया। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से बीमारी में आर्थिक सहायता के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर गोविन्द सोनी तथा एसडीएम सुरेश कुमार गुप्ता ने भी जिले के विभिन्न अंचलो से अपनी समस्याओं का आवेदन लेकर आये आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के संबंध मे अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह, एलडीएम, एपी सिंह सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में कुल 58 आवेदन प्राप्त हुये।
जनसुनवाई में जमीन का सीमांकन कराने, अनुकंपा नियुक्ति, गरीबी रेखा में नाम जोड़ने, गरीबी रेखा से नाम काटने, खाद्यान पात्रता पर्ची, दाखिल-खारिज कराने, धान उपार्जन का भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध कब्जा हटाने, राशन कार्ड बनाने, विद्युत समस्या, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, जमीन का कब्जा दिलाने, चिकित्सा सहायता, रोजगार दिलाने, भरण-पोषण और संबल योजना के लाभ संबंधी आवेदन लेकर आवेदक जनसुनवाई में पहुंचे। अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और एसडीएम ने आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर समस्याओं के त्वरित निस्तारण करने के संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
आरटीआई के तहत अशासकीय स्कूलों में प्रवेश की द्वितीय प्रक्रिया-12 अप्रैल से
आरटीआई एक्ट 2009 के अन्तर्गत अशासकीय स्कूलों में निःशुल्क प्रवेश की द्वितीय चरण की प्रक्रिया 12 अप्रैल से प्रारम्भ हो रही है। निःशुल्क प्रवेश हेतु नवीन आवेदन 12 से 14 अप्रैल तक कर सकेंगे तथा आवेदनों का सत्यापन, सत्यापन केन्द्रों में 12 से 15 अप्रैल तक होगा। प्रथम चरण में दर्ज आवेदक जिन्हें प्रथम च्वाइस के अतिरिक्त कोई अन्य च्वाइस का स्कूल आवंटित हुआ है। लेकिन प्रवेश नहीं लिया है वे द्वितीय चरण की प्रक्रिया में स्कूलों की च्वाइस अपडेट 17 से 19 अप्रैल 2023 तक कर निःशुल्क प्रवेश की प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं, ऐसे आवेदकों को पृथक से आवेदन करने एवं आवेदन का सत्यापन कराने की आवश्यकता नहीं है।
जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र ने बताया कि द्वितीय चरण में ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से स्कूल आवंटन 21 अप्रैल को किया जाना है। चयनित आवेदक आवंटित स्कूल में 24 से 27 अप्रैल तक उपस्थित होकर प्रवेश ले सकेंगे। आवंटित विद्यालय द्वारा आवेदक के प्रवेश हेतु उपस्थिति दिनांक को ही आरटीई मोबाइल एप के माध्यम से रिर्पोटिंग दर्ज की जानी है। प्रथम चरण की प्रक्रिया में गरीब एवं वंचित समूह के 3399 बच्चों ने प्रवेश लिया है।
Bhaskar Hindi News