शहडोल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल में पदस्थ स्टाफ नर्स की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन को मौत के पीछे करंट लगने की जानकारी दी गई। जबकि लड़की पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत करंट लगने से नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई है।
जानकारी के अनुसार प्रिया द्विवेदी पति अरविंद शर्मा उम्र 25 वर्ष जिला चिकित्सालय में स्टाफ नर्स के पद पर थीं। रविवार कि सुबह करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार प्रिया द्विवेदी का विवाह 11 मई 2022 को शहडोल के गांव एताझर में हुआ था। उनके पति अरविंद शर्मा प्राइवेट जॉब करते हैं। रविवार की सुबह नाइट ड्यूटी कर अस्पताल से वह अपने घर गई थी, तभी करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई है। प्रिया द्विवेदी का मायका रीवा जिले के कटकी में है। प्रिया का का स्टाफ नर्स में चयन कुछ साल पहले ही जिला अस्पताल में हुआ था, जिसके बाद वह लगातार जिला चिकित्सालय में अपनी सेवाएं दे रही थीं। शनिवार की रात से वह रविवार की सुबह तक नाइट शिफ्ट कर घर पहुंची थी, जिसके बाद करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
लगाया आरोप
प्रिया के भाई अमित तिवारी का कहना है कि उसके बहन की हत्या की गई है। भाई ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रिया के पति से कई बार विवाद होता था। सात दिन पहले भी विवाद हुआ था। पिता ने आकर पति पत्नी की सुलह करा दी थी। इसके पूर्व में भी कई बार विवाद होने की वजह से पारिवारिक सुलह कराई गई। अमित का कहना है कि करंट की चपेट में आने से नहीं, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की बातें कुछ स्पष्ट हो सकेगी। मायके पक्ष के लोगों की मांग है, दोषियों पर कार्यवाही की जाए और सही तरीके से मामले की जांच कराई जाए।
परिवार को नहीं दी गयी सूचना
मायके पक्ष का यह भी आरोप है कि घटना रविवार की सुबह की है, लेकिन मायके पक्ष को इसकी कोई जानकारी नहीं लगी, बल्कि साथी स्टाफ में ही मायके पक्ष को दोपहर में मामले की जानकारी दी आनन-फानन में जानकारी मिलते ही मायका पक्ष शहडोल पहुंचा है। हादसा होने के बाद भी ससुराल से कोई फोन मायके पक्ष को नहीं किया गया था, जिससे परिजन और भी नाराज हैं।