सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अनुराग वर्मा शुक्रवार की प्रातः एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी केन्द्र के तहत गोद ली गई अपनी आंगनवाड़ी केन्द्र में पहुंचे और वहां बच्चों से मुलाकात कर शिक्षण सामग्री और
नया टेलीवीजन सेट अपनी ओर से भेंट किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुरूप सतना जिले के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा एडॉप्ट एन आंगनबाड़ी केंद्र कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केन्द्रों को गोद लेकर केन्द्र के बच्चों में कुपोषण दूर करने, बच्चों के समग्र विकास एवं सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं। कलेक्टर अनुराग वर्मा शुक्रवार को अपनी गोद ली हुई सतना शहर के धवारी स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 57 पहुंचे। यहां पर उन्होने बच्चों को मिठाई वितरित की।
कलेक्टर श्री वर्मा ने आंगनवाड़ी केन्द्र को नया टेलीविजन और बच्चों के लिये शिक्षण सामग्री भी भेंट
की। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सौरभ सिंह, सीडीपीओ अरुणेश तिवारी, पुनीत शर्मा सहित अधिकारीगण मौजूद रहे। इस दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने आंगनवाड़ी केन्द्र का भ्रमण करते हुये व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं का जायजा भी लिया और आंगनवाड़ी केंद्र के कर्मचारियों से बच्चों के पोषण स्तर के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
Bhaskar Hindi News