सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ नगरीय निकाय आम निर्वाचन- 2022 में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला स्तरीय एम.सी.एम.सी का गठन किया जा चुका है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन
अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में गठित जिला स्तरीय एम.सी.एम.सी कार्यशील रहकर आयोग के निर्देशों के अनुरुप इलेक्ट्रॉनिक चैनल पर प्रसारण सामग्री के सर्टिफिकेशन एवं पेड न्यूज पर नियंत्रण रखने का कार्य कर रही है। कमेटी विज्ञापन और मीडिया में जारी प्रचार सामग्री को प्रमाणित करने का कार्य करेंगी।
उल्लेखनीय है कि कलेक्ट्रेट कार्यालय सतना में नगरीय निकाय निर्वाचन के महापौर और पार्षद पद के अभ्यर्थियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया प्रसारित किये विज्ञापन और न्यूज पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एवं अनुवीक्षण समिति
को प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट भेजी जा रही है। इस बार आयोग द्वारा महापौर और पार्षदों के लिए व्यय सीमा निर्धारित की गई है। विज्ञापनों की दरों के आधार पर भी व्यय खाते में भी राशि जोड़ी जाएगी। एम.सी.एम.सी द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी समाचार जो न्यूज पेपर और इलेक्ट्रानिक मीडिया में चल रहा है जो पेड न्यूज की श्रेणी में तो नहीं आ रहा है। यदि जिला स्तरीय एम.सी.एम.सी कमेटी का लगता है कि यह समाचार पेड न्यूज है तो उसे संबंधित प्रत्याशी के व्यय खाते में उसकी राशि जोड़ी जाएगी।
दूसरे चरण के लिए मतदान सामग्री का वितरण 30 जून को
जिले में पंचायतराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण का मतदान एक जुलाई 2022 को कराया जाएगा। इस चरण में विकासखण्ड नागौद, अमरपाटन और रामनगर में मतदान होगा। मतदान कराने के लिए 30 जून को प्रातः 7 बजे से मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित की जाएगी।
इस संबंध में कलेक्टर एव जिला निर्वाचन अधिकारी ने अनुराग वर्मा ने बताया कि विकासखण्ड नागौद के सभी मतदान दलों को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नागौद से मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। विकासखण्ड अमरपाटन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरपाटन तथा विकासखंड रामनगर में शासकीय कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल रामनगर से मतदान सामग्री का वितरण किया जाएगा। मतदान दल के सदस्य तथा सेक्टर आफीसर को प्रातः 7 बजे अनिवार्य रूप से सामग्री वितरण स्थल पर पहुंचने को कहा गया है। ताकि चेकलिस्ट के अनुसार मतदान सामग्री प्राप्त कर उसका मिलान कर लें। मतपत्रों की गिनती अनिवार्य रूप से कर लें। मतदान दल निर्धारित वाहनों से ही मतदान केन्द्रों के लिए प्रस्थान करेंगे। सभी रिटर्निंग आफीसर अपने क्षेत्र के मतदान दलों को सामग्री वितरण के लिए उचित प्रबंध करेंगे।
पंचायत निर्वाचन के लिए 4 रंग के होंगे मतपत्र
आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग बसंत प्रताप सिंह ने जानकारी दी है कि त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतपत्रों के 4 रंग निर्धारित हैं। पंच पद के लिए सफेद, सरपंच के लिए नीला, जनपद पंचायत सदस्य के लिए पीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र होगा। गौरतलब है कि पंचायत निर्वाचन-2022 मतपत्र और मतपेटी के द्वारा करवाया जाएगा। पंचायत निर्वाचन 3 चरणों में संपन्न होगा।
प्रत्येक मतदान केन्द्र को मिलेगी कोविड बचाव सामग्री
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने नगरीय निकाय निर्वाचन और त्रि-स्तरी पंचायत निर्वाचन के मतदान के दिन राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदान केन्द्र में कोविड-19 से बचाव की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक अवधिया ने बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायतों के द्वितीय चरण में होने वाले 1 जुलाई के मतदान के लिये सभी संबंधित बीएमओ को मतदान केन्द्र की संख्यावार कोविड बचाव सामग्री उपलब्ध करा दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर मतदान केन्द्रों के लिये कोविड सामग्री के पहुंचने की स्थिति परीक्षण कर रहे हैं।
प्रत्येक मतदान केन्द्र में रहेगी मतदान सामग्री
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा प्रत्येक मतदान केन्द्र के लिये कोविड-19 से बचाव की सामग्री पैकेट बनाकर मतदान केन्द्रों की संख्या अनुसार बीएमओ को दिये गये हैं। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर दी जा रही कोविड सामग्री में 50 एमएल सैनिटाईजर (4 नग), 500 एमएल सैनिटाईजर (2 नग), मास्क थ्री-लेयर (50 नग), फेस शील्ड (4 नग), डिस्पोजल ग्लब्स (100 नग), रबर ग्लब्स (4 नग), थर्मल गन, बैटर/सेल और बायोमेडीकल पॉलीथीन उपलब्ध कराई गई है।
Bhaskar Hindi News