सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मंगलवार को सतना में पुलिस अधीक्षक का पद ग्रहण करने के बाद बुधवार को सतना के नए एसपी आशुतोष गुप्ता जिले के ग्रामीण थानों के निरीक्षण पर निकल पड़े। उन्होंने ग्रामीण अंचल के थानों नागौद, सिंहपुर थाना, रैगांव पुलिस चौकी के बाद कोठी, धारकुंडी, सभापुर थाना पहुंचकर थाना का निरीक्षण किया और आपराधिक रिकार्ड, लंबित मामले देखे और थाना स्टाफ से परिचय लेते हुए उन्हें मन लगाकर अच्छे से कार्य करने की सलाह दी। इस दौरान चित्रकूट एसडीओपी आशीष जैन, सभापुर थाना प्रभारी एसपीएस चंदेल सहित कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे। बिरसिंहपुर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने प्राचीन शिवधान गैवीनाथ के दर्शन किए और जलाभिषेक कर पूजन भी किया।
खनिज का अवैध परिवहन करते चार वाहन पकड़े
भंडारण के नाम पर चल चल रहे अवैध कारोबार को रोकने कलेक्टर अनुराग वर्मा के निर्देश पर खनिज विभाग ने बुधवार की सुबह कोटर क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस खनिजों का दौरान अवैध परिवहन में लिप्त चार वाहन जब्त किए गए। बताया जा रहा है कि जब्त वाहनों पर खनिज के नए नियम प्रभावी होंगे। इन्हें पेनाल्टी सहित पर्यावरण शुल्क भी जमा करना होगा। पकड़े गए तीन वाहनों को बाबूपुर चौकी और एक वाहन को कोलगवां थाने में खड़ा किया गया है। बाबूपुर चौकी में खड़े कराए गए वाहनों में यूपी 64 टी 7960 और एमपी 19 एचए 5025 रेत से भरा हुआ था जबकि एमपी 19 एचए 5065 में लेटराइट और कोलगवां थाने में खड़ा कराया गया वाहन एमपी 19 एचए 1774 में रेत भरी हुई थी। इसी तरह मैहर में भी खनिज विभाग ने कार्रवाई कर कटनी बाईपास में खड़े रेत से लदे वाहन जब्त किए। खनिज विभाग ने कार्रवाई कर मैहर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
Bhaskar Hindi News