murder:जबलपुर/ संपत्ति विवाद के चलते एक युवक ने अपने पिता के पेट में कैंची घोंपकर हत्या कर दी। हत्या की यह नृशंस वारदात सूजीपुरा मोहल्ला गोहलपुर में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। पिता पर जानलेवा हमला करने के बाद युवक ने बीच बचाव करने पहुंची सगी भाभी पर हमला कर दिया। कैंची के कई जख्म लगने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी है।
गोहलपुर पुलिस ने बताया कि सूजीपुरा मोहल्ला निवासी अतई लाल कोष्ठा (71) सोमवार दोपहर अपने घर पर थे। उसी समय उनका बेटा मनीष कोष्ठा (39) संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद करने लगा। अतई ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह आगबबूला होता गया। इसी बीच उसने घर में रखी कैंची उठाई और पिता के पेट में घोंप दी। कैंची के कई वार लगने से अतई घर में फर्श पर गिर पड़ा। लहूलुहान हालत में छटपटाने लगा। ससुर को बचाने के लिए पहुंची भाभी शिखा (42) पर भी मनीष ने कैंची से हमला कर दिया। हमले में घायल अतई व शिखा को दीक्षितपुरा स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने अतई को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
शिखा को निजी अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया। एंबुलेंस से मेडिकल पहुंचे अतई को कैजुअल्टी में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इधर, बीते 24 घंटे के भीतर जिले में दो हत्या, विवाद के दौरान एक वृद्धा की मौत समेत हत्या के प्रयास की चार घटनाएं सामने आईं।