सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ राज्य शासन के निर्देशानुसार एक मार्च से 5 मार्च तक जिले में चलाये गये व्यापक पौधरोपण अभियान के समापन अवसर पर शनिवार को जिलेभर में पौधरोपण किया गया। पौधरोपण अभियान की जिले में शुरुआत कलेक्टर निवास के सामने जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने 11 पौधे लगाकर की थी। इसी स्थल पर शनिवार को समापन अवसर पर कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद एवं नोडल अधिकारी डॉ राजेश तिवारी के साथ प्रजापति ब्रम्ह कुमारी संस्थान की बहनो, विभिन्न स्वयंसेवी संगठन और एनजीओ के प्रतिनिधियों ने सिविल लाईन की दो सुरक्षित साइट पर सैकड़ो पौधे रोपे।
जिला पंचायत में हुआ पौधरोपण
पौधरोपण अभियान के समापन अवसर पर प्रातः 8 बजे कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव ने जिला पंचायत कार्यालय धवारी सतना पहुंचकर जिला पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कैंपस में पौधरोपण किया।
चित्रकूट में हुआ वृ़क्षारोपण
जिले में कलेक्टर अनुराग वर्मा के मार्गदशन में अंकुर अभियान के कार्यक्रम को सफल बनाने के क्रम में शनिवार को हरियाली महोत्सव पर चित्रकूट की विभिन्न संस्थानों एवं शासकीय कार्यालयों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने चित्रकूट पहुंचकर सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट और स्थानीय अधिकारियों के साथ वृक्षारोपण किया। इस मौके पर एसडीएम पीएस त्रिपाठी, डॉ वीके जैन भी उपस्थित थे।
पौधारोपण महाअभियान में सभी नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभागों की भूमिका प्रशंसनीय-कलेक्टर
समापन अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करनें वाले सामाजिक कार्यकर्ता प्राणवायु पुरूस्कार से हुये सम्मानित
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रतिदिवस एक पौधा रोपने के संकल्प का आज एक वर्ष
उनके जन्मदिवस पर पूर्ण हो गया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता हेतु प्रदेश व्यापी पौधारोपण का महा-अभियान अंकुर कार्यक्रम के अन्तर्गत 1 से 5 मार्च तक सघनता पूर्वक संचालित किया गया। सतना जिले के कलेक्टर अनुराग वर्मा द्वारा अभियान में व्यक्तिगत रूचि लेकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाया। जिसमें जिला प्रशासन के समस्त विभागों, स्वैच्छिक संगठनों, धार्मिक संगठनों, विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र, एन.एस.एस. के कार्यकर्ता सहित आमजन मानस पौधारोपण अभियान का हिस्सा बन सके।
जिले में अंकुर अभियान के तहत सघनता के साथ पौधारोपण बड़े ही उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। वहीं पौधारोपित करनें के उपरान्त सभी नें वायुदूत एप के माध्यम से और सीएम ईवेंट पोर्टल में जाकर अपने-अपने पंजीयन करके पौधों की फोटो अपलोड की। विगत 6 माह से अंकुर अभियान के अन्तर्गत सभी पंजीकृत वृक्षवीर एवं वृक्ष वीरांगनाओं का राज्य शासन द्वारा प्राणवायु पुरूस्कार के लिये सतना जिले से 20 लोगों का चयन लॉटरी सिस्टम के आधार पर किया गया। जिन्हे जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पुरूस्कार दिया जायेगा। एक से 5 मार्च तक आयोजित पौधारोपण महा-अभियान का समापन कार्यक्रम जिले के उत्कृष्ट विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना के प्रांगण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के कलेक्टर अनुराग वर्मा सहित विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम आयुक्त सुश्री तन्वी हुड्डा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, डॉ. परीक्षित राव, सहायक संचालक शिक्षा एन.के. सिंह एवं अंकुर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश तिवारी, जिला समन्वयक म.प्र. जन अभियान परिषद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार श्रीवास्तव द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके उपरान्त अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ के साथ रूद्राक्ष का पौधा उपहार स्वरूप भेंट कर किया गया। प्राचार्य श्री श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि इस विद्यालय के ईको क्लब, एन.एस.एस. के वालेंटियरों के विशेष प्रयास से विद्यालय परिसर में जहां स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। वहीं पर्यावरण के प्रति जागरूकता हेतु नक्षत्र वाटिका, पोषण वाटिका, मोगली वाटिका जैसे रचनात्मक वाटिकायें स्थापित की गयी है। आयोजित कार्यक्रम में अंकुर अभियान अन्तर्गत लगाये गये सभी पौधों के लिये क्यू. आर. कोड बनानें वाले छात्रों के साथ प्राणवायु पुरूस्कार पानें वाले पर्यावरण प्रेमियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार के छात्रों द्वारा निर्मित क्यू.आर. कोड में लगाये गये पौधे के संबंध में लगानें वाले की फोटो सहित उस पौधें की उपयोगिता संबंधित विवरण विस्तार से देखनें को मिल जाता है।
छात्रों द्वारा अंकुर अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर, आयुक्त नगर निगम, पुलिस अधीक्षक, सी.ई.ओ. जिला पंचायत के पौधों का क्यू.आर. कोड स्कैन करके विवरण प्रदर्शित किया। जिसे देखकर सभी हर्षित हुये और छात्रों के नवाचार और उत्साह की प्रशंसा की गयी। क्यू.आर. कोड निर्मित करनें वाले छात्रों में अनंत कुमार उपाध्याय, आकृति शाह, प्रभांश मिश्रा, स्वयं निगम, श्रेया तिवारी, रोहन पटेल, शिवांक द्विवेदी, अशद खान, पियूष रैकवार, नरेन्द्र पटेल, सौरभ तिवारी सम्मलित रहे। वहीं राज्य शासन द्वारा प्राणवायु पुरूस्कार पाने वालों में डॉ. घनश्याम गुप्ता चित्रकूट विश्वविद्यालय, विकास रजक पी.जी. कालेज, हर्ष शुक्ला ग्राम तिहाई कोतार, सुहावन प्रजाति शिवराजपुर, रमाकांत सिंह सिधार्थ नगर, महेन्द्र पाठक उजरौंधा, अनूप पाण्डेय पालदेव, शिवेन्द्र कुमार दूबे अमिलपुर, संजय सिंह पटेल मानिकपुर, शशिबाला अरोड़ा ग्राम दिवार, प्रियंका मिश्रा कोतार रामपुर, ममता तिवारी अमरपाटन, आंचल चतुर्वेदी पीजी कालेज, अदिति सिंह पतेरी, शशि सिंह पीजी कालेज, सुषमा तिवारी बरदाडीह, संगीता अर्जरिया गर्वमेन्ट आई.टी.आई, शीतल पाण्डेय मैहर, नीता श्रीवास्तव राजेन्द्रनगर, सलमा साहीन के.जी.एन. कान्वेंट स्कूल सतना रहे।
पौधारोपण महाअभियान के समापन अवसर पर मुख्यअतिथि के रूप में बोलते हुये अनुराग वर्मा, कलेक्टर सतना द्वारा जिले के अन्तर्गत पौधा रोपनें वाले सभी नागरिकों को बधाई देते हुये कहा कि मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से राज्य शासन द्वारा यह प्रदेश व्यापी अभियान आमजन को हमारी प्रकृति और पर्यावरण से जोड़नें में मददगार साबित हुआ। मुझे प्रसन्नता है कि जिला प्रशासन के अन्तर्गत सभी विभाग प्रमुखों के मागदर्शन में उनके विभगों ने पूरी जिम्मेदारी से भागीदारी निभाई। म.प्र. जन अभियान परिषद के अन्तर्गत सभी स्वयंसेवी संगठनां, धार्मिक संगठनों, प्रस्फुटन समितियो एवं अन्य वालंटियरों नें अपनें अपनें ग्रामों में पौधारोपण अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सेदारी की। नगर निगम के सहयोग से हम शहर में अधिक से अधिक पौधे व्यवस्थित तरीके से रोप सके। इस पांच दिवसीय अभियान में जिले के सभी पत्रकारों द्वारा अभियान का हिस्सा बन कर अभियान के लिये प्रेरणा बनें। सब की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि प्रदेश की वरीयता सूची में हम टॉप 5 में स्थान बना पाये। इसके लिये सभी सम्मलित होनें वाले नागरिकों का मैं जिला प्रशासन की तरफ से अभिनन्दन करता हूं।