सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ रीवा की लोकायुक्त टीम ने सुबह मैहर में कार्रवाई कर पटवारी को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। रीवा
लोकायुक्त एसपी गोपाल धाकड़ के निर्देश पर लोकायुक्त टीम ने सतना जिले के मैहर में पलौहा हल्का पटवारी महादेव मवासी को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते मैहर ओवर ब्रिज के नीचे ट्रैप किया। लोकायुक्त के उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार, निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार सहित 12 सदस्यीय दल द्वारा यह कार्रवाई सुबह 9 बजे के आसपास की गई जो कि तीन से चार घंटे तक चली।
सीमांकन के लिए मांगी थी रिश्वत
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा गोपाल धाकड़ ने बताया कि शिकायतकर्ता उमेश कुमार द्विवेदी जो कि रेलवे के आपरेटिंग विभाग में नौकरी करते हैं। उनका मैहर तहसील के अमदरा थाना अंतर्गत ग्राम पलौहा पोस्ट सभागंज में निवास है। जहां की जमीन का उन्हें सीमांकन कराना था। इसके लिए मैहर तहसील में आवेदन दिया गया था। जहां से पलौहा के हल्का पटवारी महादेव मवासी द्वारा सीमांकन करने के लिए उनसे दो हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। जिसकी शिकायत उमेश कुमार द्विवेदी ने रीवा लोकायुक्त से कर दी।
लोकयुक्त ने शिकायत के आधार पर पटवारी को घेरने का प्लान बनाया और शिकायतकर्ता के माध्यम से रिश्वत की राशि देने कहा गया। जिसके बाद आरोपी पटवारी महादेव मवासी ने मैहर के सरला नगर मोड़ के पहले ओम किराना स्टोर के सामने ओवरब्रिज के नीचे बुलाया गया और जैसे ही रिश्व्त की दो हजार रुपये की राशि आरोपी पटवारी ने ली तो पहले से घात लगाकर खड़ी लोकायुक्त की टीम ने तुरंत पटवारी को रंगेहाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
Bhaskar Hindi News