सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश राजेश कुमार कौल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशानुसार मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2022 हेतु आवेदन प्राप्त करने की अवधि में वृद्धि करते हुए 5 दिसम्बर 2021 तक की अवधि निर्धारित की गई है। उन्होंने प्रदेश के समस्त कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किये है कि इस बढ़ी हुई अवधि में बूथ लेवल अधिकारी उनके बीएलओ रजिस्टर में चिन्हित ऐसे मतदाताओं जो अहर्ता दिनांक 01.01.2022 के आधार पर 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके हों और मतदाता सूची में दर्ज होने से शेष हैं, उनके घर-घर जाकर आवेदन प्राप्त करें तथा गरूड एप के माध्यम से उनके नाम मतदाता सूची में जोडने का कार्य करेंगे।
अनप्रोसेस 1900 फार्म का निराकरण तत्काल करायें
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2022 के कार्यां की समीक्षा में पाया गया है कि आज बुधवार की स्थिति में 1900 फार्म अनप्रोसेस स्थिति में हैं। जिनमें विधानसभा क्षेत्र चित्रकूट में 208, रैगांव में 77, सतना में 304, नागौद में 19, मैहर में 61, अमरपाटन में 424 एवं रामपुर बघेलान में 807 लंबित हैं।
जिले की समीक्षा में एक दिसंबर तक कुल 36 हजार 96 फार्म प्राप्त होना पाये गये हैं। जिनमें 18 हजार 589 का निराकरण लंबित है। आयोग द्वारा निर्देशित किया गया है कि बीएलओ को प्राप्त हो रहे फार्म या ईआरओ के कार्यालय में लंबित मिले फार्म को बीएलओ को कार्यालय में बुलाकर ऑनलाईन फार्म गरुड़ एप या वीएचए के माध्यम से दर्ज कराया जाये।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा रामपुर बघेलान एवं अमरपाटन की प्रगति अत्यंत कम है। यह स्थिति संतोषजनक नहीं है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से कहा गया है कि बीएलओ को पाबंद करें कि लंबित फार्मो का तत्काल निराकरण कराया जाना सुनिश्चित करें।
वंदे मातरम का गायन हुआ
दिसम्बर माह के प्रथम कार्य दिवस पर आज एक दिसम्बर को धवारी स्थित संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के सभाकक्ष में वंदे मातरम के गायन के पश्चात कार्यालयीन गतिविधियों की शुरूआत हुई। इस दौरान अरुण भारती, दयाराम वर्मा सहित कलेक्ट्रेट कार्यालय के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
Bhaskar Hindi News